लाइफस्टाइल

Diwali 2026 से पहले किचन, बाथरूम और पूजा घर की सफाई के लिए अपनाएं ये टिप्स, कम समय में चमकेगा घर

Diwali 2026 Cleaning Tips: दिवाली 2026 पर कम समय में घर को चमकाना चाहते हैं, तो किचन, बाथरूम, शीशे, बर्तन और पूजा घर की सफाई के आसान तरीके जानें। इन घरेलू टिप्स की मदद से कम मेहनत में घर की सफाई करना आसान हो सकता है।
5 min read
• •
Updated: 2 Nov 2026, 10:38 AM IST
Diwali 2026 Cleaning Tips
Diwali 2026 के लिए Cleaning Tips (representative image) image credit gemini

Diwali Cleaning Tips: दिवाली 2026 आने में अब एक हफ्ते से भी कम समय बचा है और सफाई के लिए ज्यादा वक्त नहीं है। ऐसे में सफाई का तरीका बदलने के साथ ही कुछ छोटी-छोटी लेकिन जरूरी टिप्स अपनाकर कम मेहनत में भी घर के हर कोने को साफ और चमकदार बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं दिवाली से पहले घर की सफाई के आसान तरीके, जिनकी मदद से किचन, बाथरूम, शीशे, बर्तन और पूजा घर को कम समय में साफ करना आसान हो सकता है।

दिवाली की सफाई की प्लानिंग कैसे करें? जानें घर को कम समय में साफ करने का आसान तरीका

दिवाली की सफाई कम समय में अच्छी तरह करने के लिए सबसे पहले इसकी प्लानिंग करना जरूरी है। अगर बिना सोचे समझे सफाई शुरू कर देंगे, तो एक ही काम में काफी समय लग सकता है। इसलिए घर के हर हिस्से के लिए समय तय करें और एक एक करके सफाई पूरी करें। इसके लिए सबसे पहले अलमारी, स्टोर रूम और रसोई में रखा ऐसा सामान अलग कर दें, जिसकी अब जरूरत नहीं है। इसके बाद ऊपर से नीचे की तरफ यानी सबसे पहले पंखे, जाले, लाइट और अलमारी के ऊपर की धूल साफ करने के बाद फर्नीचर, खिड़कियां और दरवाजे साफ करें। फर्श को सबसे आखिर में साफ करें।

दिवाली से पहले रसोई की सफाई के आसान तरीके, किचन को चमकाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

किचन रोजाना इस्तेमाल होने वाली ऐसी जगह है, जो सफाई करने के बाद भी जल्दी गंदी हो जाती है। ऐसे में किचन की डीप क्लीनिंग (Deep Cleaning) करने के लिए सबसे पहले गैस बंद कर के चूल्हे को ठंडा होने दें। फिर गुनगुने पानी में थोड़ा डिशवॉश लिक्विड मिलाकर कपड़े से चूल्हे की सतह साफ करें। जमी हुई चिकनाई को मुलायम स्पंज से धीरे धीरे हटाएं। इसके बाद चिमनी का प्लग स्विच से निकालने के बाद फिल्टर निकालकर निर्माता के दिए गए निर्देशों के अनुसार साफ करें। इसके बाद किचन में लगी अलमारियों और दराजों को साफ करने के लिए सबसे पहले उनका सामान बाहर निकाल के सभी खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट जांचें। इसके बाद अलमारी के अंदर और बाहर गीले कपड़े से सफाई करने के बाद जब सुख जाएं तब समान रखें।

ऐसे ही फ्रिज से सामान निकालकर खराब और एक्सपायर हो चुकी चीजें हटाने के बाद अंदर की सतह को हल्के साबुन वाले पानी से कपड़े को भिगोकर साफ करें और फिर सूखे कपड़े से पोंछ के फ्रिज को दोबारा सेट करें। सबसे आखिर में किचन की टाइल्स साफ करने के लिए गुनगुने पानी में हल्का डिटर्जेंट मिलाएं। दाग वाली जगह पर घोल लगाकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें और फिर मुलायम स्पंज से साफ करें। लेकिन ध्यान दें, किचन की हर सतह पर एक ही क्लीनर इस्तेमाल न करें। मार्बल, ग्रेनाइट और दूसरी प्राकृतिक पत्थर की सतहों पर सिरका या नींबू लगाने से उनकी चमक खराब हो सकती है।

दिवाली पर बाथरूम और टाइल्स की सफाई कैसे करें? जिद्दी दाग हटाने के लिए आजमाएं ये तरीके

बाथरूम की टाइल्स, नल, वॉश बेसिन और शीशे पर पानी के निशान और साबुन की परत जम जाती है। ऐसे में बाथरूम की टाइल्स के दाग हटाने के लिए उन पर हल्का क्लीनर लगाकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ब्रश या स्पंज से रगड़ें और साफ पानी से धो लें। इसके बाद नल और शॉवर की सफाई करने के लिए एक कपड़े पर सफेद सिरका लगाकर लपेट दें और कुछ देर बार पानी से साफ कर दें। ध्यान दें चमकदार कोटिंग वाले नलों पर सिरका, तेजाब या खुरदरे स्क्रबर का इस्तेमाल न करें।

बाथरूम के बाद टॉयलेट की सफाई करने के लिए कमोड के अंदर और किनारों पर टॉयलेट क्लीनर लगाएं। इसे जितनी देर रखने के निर्देश दिए गए हों, उतनी देर बाद टॉयलेट ब्रश से साफ करें। कमोड के बाहर की सतह को अलग कपड़े से साफ करें। सफाई के बाद ब्रश और दूसरे सामान को भी साफ करके सुखा लें।

ध्यान दें, बाथरूम में दो अलग अलग क्लीनर एक साथ न मिलाएं। इसके साथ ही सफाई के दौरान खिड़की या एग्जॉस्ट खुला रखें और दस्ताने पहन कर सफाई करें।

कांच और शीशे चमकाने के आसान हैक्स, दिवाली की सफाई में अपनाएं ये घरेलू टिप्स

घर में लगे शीशों पर जमे धूल साफ करने के लिए शीशे पर उपयुक्त ग्लास क्लीनर का हल्का छिड़काव करें इसके बाद साफ माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछें। लेकिन ध्यान दें, क्लीनर को सीधे इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन या शीशे के किनारों में छिड़कने से बचें। इसके अलावा शीशों को साफ करने के लिए गंदे कपड़े या ज्यादा रोएं छोड़ने वाले तौलिए का इस्तेमाल न करें। इसके साथ ही अखबार से सफाई करने से भी बचें, क्योंकि उसकी स्याही या खुरदरी सतह निशान छोड़ सकती है। इसके अलावा, अगर खिड़की के कांच पर तेज धूप पड़ रही हो, तो सफाई का घोल जल्दी सूख सकता है और धब्बे बन सकते हैं। इसलिए संभव हो तो सुबह या शाम के समय सफाई करें।

दिवाली पर पूजा घर और बर्तनों की सफाई कैसे करें? जानें चमक बनाए रखने के आसान तरीके

घर की सफाई के साथ दिवाली पर मंदिर और पूजा घर की सफाई करना भी जरुरी होता है। रोजाना मंदिर में दीपक जलाने और पूजा करने की वजह से कुछ जगहों पर काले निशान, तेल और चिकनाई जमा हो सकती है। ऐसे में पूजा घर की सफाई शुरू करने से पहले पुराने फूल, अगरबत्ती की राख, बचे हुए धागे और ऐसी दूसरी चीजें हटा दें, जिनका अब इस्तेमाल नहीं होना है। इसके बाद मंदिर की अलमारी साफ करें। अगर मंदिर लकड़ी का है, तो उसे हल्के गीले कपड़े से पोंछें और तुरंत सूखे कपड़े से सुखा दें। संगमरमर के मंदिर के लिए उसकी सतह के अनुकूल क्लीनर का इस्तेमाल करें। इसके बाद मूर्तियों और तस्वीरों को साफ करें। इसके बाद मंदिर में बिछे कपड़े, आसन और पर्दे साफ कर लें। इन्हें अच्छी तरह सुखाने के बाद ही दोबारा इस्तेमाल करें। आखिर में मंदिर का फर्श साफ करें, ताकि धूल दोबारा जमा न हो।

पूजा के पीतल, तांबे और चांदी के बर्तन कैसे चमकाएं?

पीतल और तांबे के बर्तन: पीतल और तांबे के बर्तनों की सफाई के लिए आधा कटा हुआ नींबू लें और उस पर थोड़ा सा सादा नमक छिड़क दें। इसे बर्तन की सतह पर हल्के हाथ से रगड़ें। कुछ बर्तनों पर इससे कालापन कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, यह तरीका हर तरह की पॉलिश या कोटिंग वाले बर्तनों के लिए सही नहीं है। इस्तेमाल करने से पहले बर्तन के निर्माता के निर्देश जांच लें। सफाई के बाद बर्तन को साफ पानी से धोकर सूती कपड़े से तुरंत पोंछकर सुखा लें। बर्तन पर नींबू और नमक का घोल ज्यादा देर तक न छोड़ें।

चांदी के बर्तन: चांदी की थाली, कटोरी और पूजा के दूसरे सामान को चांदी के लिए बने क्लीनर से साफ करना बेहतर है। इसके बाद मुलायम कपड़े से पोंछ लें। पुरानी या नक्काशीदार चांदी के बर्तन साफ करते समय खास सावधानी रखें।

स्टील के बर्तन: डिशवॉश लिक्विड और गुनगुने पानी से बर्तन साफ करें। पानी के निशान हटाने के लिए उन्हें सूखे कपड़े से पोंछ दें।

दिवाली की सफाई में समय और मेहनत बचाने के लिए अपनाएं ये स्मार्ट और आसान टिप्स

अगर आप वर्किंग हैं या किसी दूसरी वजह से दिवाली की सफाई अभी तक शुरू नहीं कर पाए हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कम समय में सफाई पूरी करने के लिए एक साथ पूरा घर साफ करने के बजाय एक कमरे की सफाई पूरी करें और फिर दूसरे कमरे में जाएं। इससे सामान इधर उधर बिखरने से बचेगा। सफाई शुरू करते समय सामान ढूंढने में समय न लगे, इसके लिए बाल्टी, कपड़े, ब्रश और क्लीनर जैसी चीजें एक टोकरी में रख लें। इससे जरूरत पड़ने पर सामान आसानी से मिल जाएगा। दिवाली आने में ज्यादा दिन नहीं बचे हैं, इसलिए अगर आपका घर बड़ा है या आपके पास सफाई के लिए कम समय है, तो हर चीज की गहरी सफाई करने के बजाय जरूरी कामों को प्राथमिकता दें। सभी कमरों और सामान की सफाई के लिए समय बांट लें और तय समय में काम पूरा करने की कोशिश करें। इसके साथ ही अकेले सफाई करने के बजाय परिवार के सदस्यों को भी इसमें शामिल करें। कोई पर्दे धो सकता है, कोई अलमारी व्यवस्थित कर सकता है और कोई फर्श साफ कर सकता है। काम बांटने से सफाई जल्दी पूरी हो सकती है। सफाई के बाद सामान को व्यवस्थित करके तय जगह पर रखें। इससे घर साफ दिखाई देगा और जरूरत के समय चीजें खोजने में परेशानी नहीं होगी।

ध्यान दें, सफाई के साथ सुरक्षा का भी ध्यान रखें। ऊंचाई पर सफाई करते समय मजबूत सीढ़ी का इस्तेमाल करें। बिजली के स्विच और उपकरणों की सफाई से पहले बिजली बंद कर दें। किसी भी क्लीनर को इस्तेमाल करने से पहले उसका लेबल पढ़ें।

Updated on:
2 Nov 2026, 10:38 AM IST
Published on: