
Hypothermia: सर्दियों के आने के साथ ही विंटर ट्रिप, क्रिसमस और न्यू ईयर जैसे कई मौकों पर लोग दोस्तों या पार्टनर के साथ शराब पीना पसंद करते हैं। ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है, नहीं तो हेल्थ से जुडी कुछ परेशानियां बढ सकती हैं। आइए जानते हैं कि ठंड में शराब पीने से क्या होता है और सेवन करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, शराब पीने पर स्किन के पास की खून की नसें फैल जाती हैं और ज्यादा खून स्किन की तरफ बहने लगता है। इसी वजह से चेहरा लाल हो जाता है और गर्मी लगने जैसा लग सकता है। लेकिन इस दौरान शरीर के अंदर की गर्मी बाहर निकलती रहती है। यानी एहसास गर्मी का होता है, जबकि शरीर का तापमान बढता नहीं है, बल्कि गिर सकता है।
1. गर्मी का गलत एहसास: ठंड में शराब पीने पर स्किन की तरफ ज्यादा खून जाता है, जिससे दिल, दिमाग और बाकी जरूरी अंगों तक कम गर्मी पहुंचती है। इससे शरीर का तापमान गिर सकता है।
2. गर्मी के चलते कपड़े उतारना: शराब के असर में गर्मी लगने पर लोग जैकेट, स्वेटर या दस्ताने उतार देते हैं। ठंड में ऐसा करने से हाइपोथर्मिया यानी शरीर का तापमान बहुत गिर जाने का खतरा बढ जाता है।
3. शरीर में पानी की कमी: शराब का सेवन करने से ज्यादा पेशाब लग सकता है, जिससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है। ठंड में वैसे भी लोगों को प्यास कम लगती है, जिसके चलते वे कम पानी पीते हैं, इसलिए पता ही नहीं चलता कि शरीर में पानी की कमी हो रही है। पानी की कमी होने पर शरीर का तापमान संभालना मुश्किल हो जाता है।
ठंड में शराब पीने का सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि बाहर शराब न पिएं। फिर भी अगर आप पी रहे हैं, तो पीने से पहले कुछ खा लें, खाली पेट न पिएं। इसके अलावा बहुत ठंडी या बर्फ वाली ड्रिंक से बचने के साथ ही शराब के बीच-बीच में पानी या दूसरी बिना शराब वाली ड्रिंक लें। साथ में कोई ऐसा दोस्त रखें जिसने न पी हो और जो सही फैसले ले सके और गर्म कपड़े कई परतों में पहनें।
शराब पीने के बाद अगर किसी को तेज कंपकंपी हो, बोलने में लडखडाहट हो, उलझन या बहुत नींद जैसा लगे, या शरीर बहुत ठंडी पड जाए, तो इसे हल्के में न लें। ऐसे में तुरंत उसे गर्म जगह पर ले जाएं, गीले कपड़े बदलवाएं और जल्द से जल्द अस्पताल ले जाएं।
डिस्क्लेमर: इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। शराब से जुडी किसी भी परेशानी या सेहत की समस्या में डॉक्टर से सलाह लें।