
5 Finger Breathing Technique: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में घर और ऑफिस के काम को बैलेंस करने के चक्कर में दिन कब शुरू होता है और कब खत्म होता है, पता ही नहीं चलता। ऑफिस का प्रेशर, घर की जिम्मेदारियां, फोन की नोटिफिकेशन और ऊपर से हर वक्त कुछ न कुछ करते रहने के चक्कर में कुछ लोगों को स्ट्रेस और घबराहट होने लगती है। ऐसे में योग और कुछ एक्सरसाइज मदद कर सकती हैं। अगर आप भी ऐसी परेशानी से जूझ रहे हैं, तो अपनी डेली रूटीन में फाइव फिंगर ब्रीदिंग करना शुरू कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे कैसे कर सकते हैं और इसे करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, फाइव फिंगर ब्रीदिंग एक ब्रीदिंग तकनीक है, जिसमें एक हाथ की उंगली से दूसरे हाथ की पांचों उंगलियों की आउटलाइन धीरे-धीरे ट्रेस की जाती है और साथ में सांस पर ध्यान रखा जाता है। इसे एक तरह की डीप रिलैक्सेशन तकनीक माना जाता है। दूसरे ब्रीदिंग एक्सरसाइज में सिर्फ सांस पर ध्यान देना होता है, लेकिन इसमें सांस के साथ-साथ उंगली के छूने के एहसास पर भी फोकस किया जाता है।
स्टेप 1: एक हाथ को "बेस" बनाएं, जो हिलेगा नहीं। दूसरा हाथ "ट्रेसिंग" हाथ होगा, यानी जिससे आप उंगलियों पर लाइन खींचेंगे। कौन सा हाथ क्या होगा, इससे फर्क नहीं पड़ता, लेकिन ज्यादातर लोग जिस हाथ से लिखते हैं, उसी से ट्रेस करना पसंद करते हैं। बेस हाथ को सामने रखें और उंगलियों को आराम से फैला लें।
स्टेप 2: ट्रेसिंग हाथ की तर्जनी (इंडेक्स फिंगर) को बेस हाथ के अंगूठे के नीचे, यानी जहां अंगूठा कलाई से मिलता है, वहां रखें। इसके बाद धीरे-धीरे उंगली को अंगूठे के ऊपरी सिरे की तरफ ले जाएं। जैसे-जैसे उंगली ऊपर जाए, धीरे-धीरे सांस अंदर लें। आप चाहें तो आंखें बंद भी कर सकते हैं। अंगूठे के ऊपर पहुंचकर दूसरी तरफ से नीचे उतरें और साथ में धीरे-धीरे सांस बाहर छोड़ें।
स्टेप 3: अंगूठे के बाद तर्जनी, फिर बीच की उंगली, फिर अनामिका और आखिर में छोटी उंगली पर इसी तरह ऊपर जाते हुए सांस अंदर लें और नीचे आते हुए सांस बाहर छोड़ें। हर सांस के साथ खुद को थोड़ा और ढीला छोड़ने की कोशिश करें।
स्टेप 4: छोटी उंगली पर पहुंचने के बाद उसी तरह वापस अंगूठे की तरफ आएं। सांस की रफ्तार धीमी रखें, और उंगली के स्किन पर छूने के एहसास को महसूस करते रहें।
स्टेप 5: जब तक जरूरत लगे, इसे दोहराते रहें। खत्म करने के बाद तुरंत किसी काम में न लगें। कुछ पल रुककर शांति को महसूस करें, फिर धीरे-धीरे आंखें खोलें। शुरुआत में अगर आपको समझ नहीं आ रहा है, तो इसके लिए किसी गाइडेड वीडियो की मदद भी ले सकते हैं।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, फाइव फिंगर ब्रीदिंग जैसी डीप रिलैक्सेशन तकनीकें इन चीजों में मदद कर सकती हैं-
ध्यान रखें कि इसका असर हर इंसान पर अलग हो सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। तनाव या घबराहट होने से जुड़ी परेशानी होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।