
Hari Mirch aur Dhaniya Store Kaise Karen: अगर फ्रिज में ताजा धनिया और हरी मिर्च रखने के बाद वे जल्दी खराब होने लगते हैं, तो इसकी असल वजह धनिया और मिर्च नहीं, बल्कि उन्हें गलत तरीके से स्टोर करना हो सकती है। लेकिन आप इन्हें थोड़ी-सी सावधानी और सही स्टोरेज टिप्स अपनाकर लंबे समय तक ताजा और फ्रेश रख सकते हैं। आइए, आज की स्टोरी में जानते हैं हरी मिर्च और धनिया को स्टोर करने के 3 आसान और असरदार टिप्स।
हरी मिर्च को लंबे समय तक ताजा स्टोर करने के लिए सबसे पहले उसके डंठल तोड़कर अलग कर दें। इसके बाद एक बड़े बर्तन में पानी लें और उसमें थोड़ा-सा हल्दी डालें। अब हरी मिर्च को इस पानी में कुछ देर के लिए भिगो दें। फिर मिर्च को निकालकर एक साफ और सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें, ताकि उस पर मौजूद अतिरिक्त पानी पूरी तरह सूख जाए।
अब एक जिप-लॉक बैग में हरी मिर्च रखें और उसमें लहसुन की 2–3 कलियां भी डाल दें। इसके बाद बैग को बंद करके फ्रिज में स्टोर करें। इस तरीके से हरी मिर्च लंबे समय तक हरी और ताजा बनी रहती है।
अगर आप धनिया को धोकर स्टोर करना चाहते हैं, तो सबसे पहले उसकी पत्तियों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। इसके बाद किसी साफ कपड़े या किचन टॉवल से अतिरिक्त पानी अच्छी तरह सुखा दें।
अब एक एयरटाइट कंटेनर में सबसे पहले पेपर टॉवल बिछाएं। इसके ऊपर धनिया की पत्तियां रखें और फिर ऊपर से एक और पेपर टॉवल रख दें। इसके बाद कंटेनर का ढक्कन बंद करके फ्रिज में रख दें। पेपर टॉवल अतिरिक्त नमी को सोख लेता है, जिससे धनिया ज्यादा दिनों तक ताजा रहता है।
अगर आप धनिया को और अधिक समय तक ताजा रखना चाहते हैं, तो सबसे पहले उसके डंठल काटकर अलग कर लें। इन डंठलों का इस्तेमाल आप चटनी बनाने में कर सकते हैं।
अब बची हुई धनिया की पत्तियों को साफ करके एक गट्ठर की तरह व्यवस्थित करें। इसके बाद एक बर्तन में थोड़ा पानी भरें और उसमें धनिया का निचला हिस्सा डुबोकर खड़ा कर दें। फिर ऊपर से एक पॉलीबैग हल्के से ढक दें और पूरे बर्तन को फ्रिज में रख दें। इस तरीके से धनिया लंबे समय तक ताजा और हरा बना रहता है।