
Blackheads से बचने के उपाय (Representative Image) Image Credit Magnific
Blackheads Causes: खराब लाइफस्टाइल और प्रदूषण के कारण चेहरे पर दाग-धब्बे और पिंपल्स होना आज के समय में आम बात है। लेकिन कुछ लोगों का चेहरा साफ होने के बाद भी नाक और ठुड्डी के आसपास छोटे-छोटे काले निशान दिखाई देते हैं। कई लोग अनजाने में इन्हें गंदगी समझकर बार-बार चेहरा रगड़ते हैं या नाखूनों से दबाकर निकालने की कोशिश करते हैं। इससे त्वचा पर कट लगने के साथ ही निशान भी पड़ सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि ये काले निशान क्यों होते हैं और इनसे बचाव कैसे किया जा सकता है।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, नाक और ठुड्डी पर दिखाई देने वाले छोटे काले निशान ब्लैकहेड्स हो सकते हैं, जो मुंहासों का ही एक प्रकार हैं। त्वचा के रोमछिद्रों में सीबम यानी प्राकृतिक तेल और मृत त्वचा कोशिकाएं जमा हो जाती हैं, तो वहां जमाव होने लगता है। जब यह जमाव त्वचा की सतह पर खुले रोमछिद्र में दिखाई देता है, तो उसे ब्लैकहेड कहा जाता है। ब्लैकहेड्स आमतौर पर दर्द नहीं करते, जबकि कुछ दूसरे प्रकार के मुंहासों में दर्द या सूजन हो सकती है।
ब्लैकहेड्स सबसे ज्यादा चेहरे पर दिखाई देते हैं। खासकर नाक, ठुड्डी और कभी-कभी गालों पर ये छोटे काले बिंदुओं की तरह नजर आते हैं। इसके अलावा गर्दन, पीठ और छाती पर भी ब्लैकहेड्स हो सकते हैं। कुछ मामलों में कान और जांघों पर भी ब्लैकहेड्स दिखाई दे सकते हैं।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, ब्लैकहेड्स को कम करने के लिए कुछ ऐसे स्किन केयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल किए जाते हैं, जो रोमछिद्रों में जमा तेल और मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद करते हैं। इनमें सैलिसिलिक एसिड (Salicylic Acid), एजेलिक एसिड (Azelaic Acid), बेंजोयल पेरॉक्साइड (Benzoyl Peroxide) और रेटिनॉइड्स (Retinoids) जैसे इंग्रीडिएंट्स शामिल हैं। हालांकि, हर प्रोडक्ट हर तरह की त्वचा के लिए सही नहीं होता। ऐसे में इन्हें स्किन केयर रूटीन में त्वचा विशेषज्ञ की सलाह से ही शामिल करना चाहिए।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, ब्लैकहेड्स को कम करने के लिए टी ट्री ऑयल (Tea Tree Oil) और ग्रीन टी (Green Tea) जैसे उपायों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
हार्मोनल बदलावों के कारण ब्लैकहेड्स को पूरी तरह रोकना हमेशा संभव नहीं होता, लेकिन रोजमर्रा की कुछ आदतें अपनाकर इनकी समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।
अगर ब्लैकहेड्स लंबे समय तक बने रहें, बढ़ते जाएं या इनके साथ दर्द वाले मुंहासे और सूजन भी हो, तो त्वचा विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
Updated on:
31 Oct 2026, 10:34 AM IST
Published on:
31 Oct 2026, 10:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.