
Jar Lid Opening Tips: कई बार किचन में अचार, मसाले या दूसरे सामान का जार इतना टाइट बंद हो जाता है कि उसे खोलने में काफी ताकत लगानी पड़ती है। साथ ही, कांच का जार टूटने का भी डर बना रहता है। ऐसे में आप बिना ज्यादा जोर लगाए और जार को नुकसान पहुंचाए यहां बताए गए 5 हैक्स को फॉलो करके आसानी से खोल सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
अगर जार का ढक्कन नहीं खुल रहा है, तो सबसे पहले किसी चम्मच या दूसरी मजबूत चीज से ढक्कन के किनारों पर हल्के-हल्के थपथपाएं। ऐसा करने से ढक्कन की पकड़ थोड़ी ढीली हो जाती है और उसे खोलना आसान हो जाता है। ध्यान रखें कि बहुत जोर से न मारें, नहीं तो कांच का जार टूट सकता है।
अगर आप स्टील के डिब्बे का इस्तेमाल करते हैं, तो उसमें सामान रखने के बाद ढक्कन बंद करने से पहले उसके किनारों पर थोड़ा सा खाने वाला तेल लगा दें। इससे ढक्कन चिपकता नहीं है और अगली बार उसे खोलने में ज्यादा परेशानी नहीं होती।
अगर ढक्कन खोलते समय हाथ फिसल रहा है और अच्छी पकड़ नहीं बन रही है, तो एल्युमीनियम फॉयल सेल्फ एडहेसिव टेप या स्टील टेप ढक्कन पर चिपका दें। इससे ढक्कन पर हाथ से पकड़ बेहतर बनती है और ढक्कन आसानी से खुल जाता है।
कई बार जार के अंदर फंसी हवा की वजह से ढक्कन बहुत टाइट हो जाता है। ऐसे में ढक्कन को दोनों तरफ से हल्का दबाएं। इससे अंदर की हवा निकलने में मदद मिलती है और फिर ढक्कन आसानी से खुल सकता है।
अगर फिर भी ढक्कन नहीं खुल रहा है, तो किसी पतली और नुकीली चीज की मदद से ढक्कन के किनारे पर हल्का सा गैप बनाकर अंदर की हवा निकाल सकते हैं। हवा निकलने के बाद ढक्कन आसानी से खुल जाता है। इसके अलावा, आप जार के ढक्कन वाले हिस्से को किसी जगह पर हल्के हाथ से थपथपा भी सकते हैं। इससे ढक्कन की पकड़ ढीली हो सकती है और उसे खोलना आसान हो जाता है। हालांकि, कांच के जार को बहुत जोर से न थपथपाएं या न पटकें, वरना टूट सकता है।