
Makeup Tips: शादी-पार्टी में जाने से पहले घंटों लगाकर किया गया मेकअप तब बेकार लगने लगता है, जब पसीना पोंछते ही टिशू पर मेकअप आ जाए या चाय-कॉफी के कप पर लिपस्टिक के निशान लग जाएं। लेकिन थोड़ी सी सावधानी और कुछ टिप्स फॉलो करके मेकअप करने पर यह परेशानी कम की जा सकती है। आइए जानते हैं ट्रांसफर-प्रूफ मेकअप करने के लिए कौन-कौन से टिप्स फॉलो करने चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।
मेकअप कितना अच्छा दिखेगा और कितनी देर टिकेगा, यह काफी हद तक स्किन केयर पर भी निर्भर करता है। रूखी स्किन पर मेकअप करने से बेस पैची हो जाता है और क्रीज लाइन में जमकर निकलने लगता है। इसलिए मेकअप शुरू करने से पहले अपनी स्किन के हिसाब से क्लींजिंग, टोनिंग और मॉइस्चराइजिंग जरूर करें।
स्किन केयर के बाद सीधे मेकअप करने की जगह अपनी स्किन टाइप के हिसाब से प्राइमर लगाएं। प्राइमर स्किन और मेकअप के बीच एक पतली परत बना देता है, जिससे बेस ज्यादा देर टिकता है।
ज्यादा फाउंडेशन लगाने से मेकअप भारी दिखता है, और पसीना आने पर ऊपरी लेयर रुमाल या टिशू पर आ जाता है। इसलिए थोड़ी मात्रा में लगाकर गीले स्पंज से अच्छी तरह ब्लेंड करें। जरूरत हो तो दोबारा एक पतली परत लगा लें। साथ ही नॉर्मल फाउंडेशन की जगह "लॉन्ग-वियर" या "ट्रांसफर-रेसिस्टेंट" फाउंडेशन चुनें।
फाउंडेशन लगाने के बाद हल्के हाथ से ट्रांसलूसेंट पाउडर लगाएं, खासकर टी-जोन और आंखों के नीचे। ऐसा करने से बेस मेकअप लॉक हो जाता है और ज्यादा देर टिकता है। पाउडर ज्यादा न डालें, वरना चेहरा केकी दिखने लगता है।
मेकअप पूरा होने के बाद चेहरे से 20-25 सेंटीमीटर की दूरी से सेटिंग स्प्रे इस्तेमाल करने के बाद अपने आप सूखने दें। इससे मेकअप ट्रांसफर कम होता है।
मेकअप कितना भी अच्छा किया गया हो, रुमाल या टिशू से चेहरा रगड़ने पर वह उतरने लगता है। इसलिए टिशू या साफ रुमाल से हल्के हाथ से थपथपाकर पसीना सोखें। ऑयली स्किन हो तो रुमाल के साथ बैग में ब्लॉटिंग पेपर भी रखें। पोंछने से पहले चेहरे पर कुछ देर हवा लगने दें। साथ ही रुमाल हमेशा साफ और सूखा रखें, पुराना और गंदा रुमाल इस्तेमाल न करें।