लाइफस्टाइल

नाक में जमा बलगम और एलर्जी से राहत दिलाने में कितना असरदार है नेटी पॉट? जानें इस्तेमाल से जुड़ी जरूरी सावधानियां

Neti Pot: सर्दी-जुकाम में नेटी पॉट का इस्तेमाल किया जा सकता है? आइए जानते हैं नेटी पॉट क्या होता है, इसके फायदे क्या हैं और इस्तेमाल का सही तरीका क्या है और किन लोगों को इस्तेमाल से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
3 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 4:06 PM IST
neti pot
neti pot क्या होता है?(representative image) image credit gemini

Neti Pot Benefits: सर्दियों की शुरुआत होने के साथ ही बढ़ते प्रदूषण की वजह से इन दिनों कुछ लोग नाक बंद होने, सुबह उठते ही छींकें आने और सिर में भारीपन जैसी परेशानियों से जूझ रहे हैं। इन परेशानियों से राहत पाने के लिए लोग भाप लेना, ब्लैक टी पीने जैसे कई तरह के घरेलू नुस्खे अपनाते हैं। इन्हीं में से एक नेटी पॉट भी है। आइए जानते हैं कि यह क्या होता है और इसके इस्तेमाल से क्या फायदे होते हैं।

नेटी पॉट क्या होता है?

नेटी पॉट एक छोटा बर्तन है, जिससे सेलाइन घोल को नाक के एक छेद से डालकर दूसरे छेद से निकाला जाता है। इस दौरान नाक के रास्ते में जमा बलगम और एलर्जी पैदा करने वाले कण बहकर बाहर आ जाते हैं।

नेटी पॉट के इस्तेमाल से क्या फायदे होते हैं?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, नेटी पॉट के इस्तेमाल से जमा हुआ बलगम, धूल-मिट्टी और एलर्जी वाले कण नाक से निकलने के साथ ही बंद या बहती नाक से सांस लेने में होने वाली परेशानी और साइनस के दर्द व दबाव में राहत मिल सकती है।

इन लोगों को डॉक्टर से पूछकर करना चाहिए नेटी पॉट का इस्तेमाल

नेटी पॉट के कई फायदे होते हैं, लेकिन यह सभी के लिए सही नहीं होता। जिनकी रोग से लड़ने की क्षमता (इम्युनिटी) कमजोर हो या जिनकी हाल ही में नाक की सर्जरी हुई हो, उन्हें इसका इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। ऐसे लोगों में फायदे से ज्यादा जोखिम हो सकता है। छोटे बच्चों को भी बाल रोग विशेषज्ञ से पूछे बिना इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

नेटी पॉट के लिए घोल कैसे बनाएं?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, नेटी पॉट के लिए घोल बनाने का सबसे आसान तरीका है तैयार पैकेट का इस्तेमाल करना, जो अक्सर नेटी पॉट के साथ ही मिलता है। इनमें नमक और पानी का संतुलन पहले से तय होता है। नमक कम या ज्यादा हो जाए, तो नाक में जलन हो सकती है। लेकिन अगर आप घर पर बनाना चाहते हैं, तो इनका इस्तेमाल कर सकते हैं-

  • आधा चम्मच नमक
  • आधा चम्मच बेकिंग सोडा
  • एक कप (लगभग 240 मिलीलीटर) साफ पानी, जो उबालकर ठंडा किया हुआ या डिस्टिल्ड हो, और गुनगुना या कमरे के तापमान का हो

नेटी पॉट इस्तेमाल का तरीका

  • सिंक या वॉश बेसिन के पास झुककर खड़े हों, ताकि पानी इधर-उधर न गिरे।
  • नेटी पॉट की टोंटी को नाक के आगे स्थित दो छेदों में से एक में इस तरह लगाएं कि वह अच्छी तरह बैठ जाए।
  • सिर को आगे की ओर झुकाएं, नीचे सिंक की तरफ देखें और पॉट को हल्का तिरछा करें। आधा घोल नाक में जाने दें। घोल दूसरे छेद से बाहर आ जाएगा। उसे बहने दें।
  • बहाव रुकने पर टिश्यू से नाक साफ करें।
  • अब नाक के दूसरे छेद से यही प्रक्रिया दोहराएं और बचा हुआ घोल उसमें इस्तेमाल करें।
  • पॉट की टोंटी नाक की बीच वाली दीवार (सेप्टम) से न टकराए, इसका ध्यान रखें।

नेटी पॉट की सफाई करना भी है जरूरी

नेटी पॉट हर इस्तेमाल के बाद इसे फिल्टर किए हुए, डिस्टिल्ड या उबले पानी से धो लें। इसके बाद इसे खुली हवा में पूरी तरह सूखने दें, फिर रखें। ध्यान दें, पॉट को अच्छी तरह साफ न करने पर संक्रमण हो सकता है।

नेटी पॉट इस्तेमाल करते समय क्या करें और क्या न करें

  • नल का पानी इस्तेमाल न करें। डिस्टिल्ड, फिल्टर्ड, बोतलबंद या उबला हुआ पानी ही इस्तेमाल करें।
  • प्लास्टिक या सिलिकॉन के नेटी पॉट हर तीन महीने में बदलें।
  • घोल हमेशा कमरे के तापमान पर होना चाहिए।
  • सर्दी-जुकाम में दिन में दो बार तक इस्तेमाल करना ठीक है। जब तबीयत ठीक हो, तब हफ्ते में एक या दो बार से ज्यादा न करें।
  • बच्चों पर बिना सलाह न आजमाएं।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारियों के आधार पर लिखा गया है। नेटी पॉट का इस्तेमाल करने से पहले इसकी सही विधि और सावधानियों की जानकारी जरूर लें। नाक से जुड़ी किसी भी समस्या में चिकित्सक से परामर्श लेने के बाद ही इसका इस्तेमाल करें।

Updated on:
10 Nov 2026, 4:06 PM IST
Published on: