लाइफस्टाइल

शादी के एक साल बाद कपल ने खाया वेडिंग केक, क्या इतना पुराना केक खाना सुरक्षित है? जानें केक फ्रीज करने के टिप्स

Wedding Cake: एक साल पुराना केक खाना कितना सुरक्षित है? USDA की गाइड के अनुसार जानें केक को फ्रीज करने की सही अवधि, तापमान और स्टोरेज से जुड़ी जरूरी बातें।
2 min read
Sep 15, 2026
Wedding Cake
कपल ने खाया एक साल पुराना Wedding Cake (file photo) image credit instagram/ acouplebitess

Cake Freezing Tips: सोशल मीडिया पर एक कनाडा के फूड इन्फ्लुएंसर कपल का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कपल अपनी शादी का केक अपनी पहली सालगिरह पर खाते हुए दिखाई दे रहे हैं। कपल ने बताया कि उन्होंने शादी के केक का एक हिस्सा फॉयल में लपेटकर फ्रीजर में रखा था। ऐसे में आइए जानते हैं कि क्या सच में एक साल तक फ्रीज किया हुआ केक खाना सुरक्षित है, लोग ऐसा क्यों करते हैं और केक को स्टोर करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

शादी का केक लोग फ्रीज क्यों करते हैं

रिपोर्ट के अनुसार, कई कपल शादी के केक का एक हिस्सा बचाकर उसे अच्छी तरह पैक करके फ्रीजर में रखते हैं और सालभर बाद अपनी पहली सालगिरह पर खाते हैं। यह मुख्य रूप से एक परंपरा और शादी की याद को दोबारा जीने का तरीका है।

एक साल तक फ्रीज किया केक खाना कितना सुरक्षित है

संयुक्त राज्य कृषि विभाग की खाद्य सुरक्षा और निरीक्षण सेवा ( FSIS) की स्टोरेज गाइड के अनुसार, हर तरह के केक को एक साल तक फ्रीजर में रखना सही नहीं माना जाता। सामान्य फ्रॉस्टेड और लेयर्ड केक को बेहतर क्वालिटी के लिए फ्रीजर में करीब 2 महीने तक रखने की सलाह दी जाती है, जबकि फ्रूट केक और प्लम पुडिंग को करीब 1 साल तक फ्रीजर में रखा जा सकता है। ज्यादा समय तक फ्रीज रखने से उसकी क्वालिटी, स्वाद और बनावट खराब हो सकती है। इसलिए एक साल पुराने केक को खाने से पहले यह देखना जरूरी है कि वह किस तरह का था और उसे पूरे समय सही तरीके से फ्रीज करके रखा गया था या नहीं।

अगर केक को लंबे समय तक रखना हो तो क्या करें

अगर शादी या किसी खास मौके का केक याद के तौर पर रखना चाहते हैं तो उसे सही तरीके से पैक करके फ्रीजर में रखना जरूरी है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के अनुसार, खाने को फ्रीज करते समय ऐसी पैकिंग करनी चाहिए जिससे हवा अंदर न जाए और फ्रीजर बर्न का खतरा कम हो। फ्रीजर का तापमान 0°F यानी करीब माइनस 18°C या उससे कम रखना चाहिए। केक को लंबे समय तक रखने से पहले यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि उसमें क्रीम, कस्टर्ड, ताजे फल या जल्दी खराब होने वाली कोई दूसरी चीज न हो।

क्या पुराना केक खाना सेफ है

अगर केक को सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया है या वह दूषित हो गया है, तो उसे खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है। इससे जी मिचलाना, उल्टी, पेट में दर्द या ऐंठन और दस्त जैसी समस्या हो सकती है। अमेरिकी कृषि विभाग (FDA) के अनुसार, खाने में मौजूद कुछ हानिकारक बैक्टीरिया गंध, स्वाद या दिखने में बदलाव किए बिना भी मौजूद हो सकते हैं। इसलिए सिर्फ केक की गंध, रंग या दिखावट देखकर यह तय नहीं किया जा सकता कि वह खाने के लिए सुरक्षित है। अगर केक की स्टोरेज को लेकर कोई संदेह है तो उसे खाने से बचना बेहतर है।

Updated on:
15 Sept 2026 03:15 pm
Published on:
15 Sept 2026 02:57 pm