
Under Eye Care Tips: आंखों के नीचे की त्वचा चेहरे के बाकी हिस्सों की तुलना में ज्यादा पतली और संवेदनशील होती है। इसी वजह से यह हिस्सा नमी को लंबे समय तक बनाए नहीं रख पाता और यहां रूखापन जल्दी दिखाई देने लगता है। अंडर आई एरिया में ड्राई स्किन होने पर त्वचा खिंची हुई महसूस हो सकती है या ज्यादा रूखापन होने पर त्वचा लाल और फटी हुई भी नजर आ सकती है। इसके साथ ही अंडर आई की ड्राई स्किन के कारण मेकअप भी पैची दिखाई दे सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आंखों के नीचे की त्वचा को ड्राई होने से बचाने के लिए क्या करना चाहिए।
अगर आंखों के नीचे की त्वचा सूखी और संवेदनशील है तो इस हिस्से पर बहुत ज्यादा प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से बचें। खासतौर पर तेज केमिकल वाले प्रोडक्ट्स, स्क्रब और ज्यादा एक्सफोलिएशन अंडर आई एरिया में जलन और रूखापन बढ़ा सकते हैं।
चेहरा साफ करने के लिए हल्के और माइल्ड क्लींजर का इस्तेमाल करें। चेहरे को बहुत गर्म पानी से धोने के बजाय गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना बेहतर है। आंखों के आसपास की त्वचा को रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से साफ करें।
चेहरा साफ करने के बाद त्वचा को मुलायम तौलिए से हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं। इसके बाद मॉइस्चराइजर लगाएं। अंडर आई एरिया पर मॉइस्चराइजर को रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से लगाएं। आप चाहें तो आंखों के आसपास की संवेदनशील त्वचा के लिए बनाए गए अंडर आई क्रीम का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
ड्राईनेस या खुजली होने पर आंखों को बार बार रगड़ने से त्वचा में जलन बढ़ सकती है। इससे अंडर आई एरिया की त्वचा और ज्यादा संवेदनशील हो सकती है। मेकअप करते समय भी आंखों के नीचे की त्वचा पर ज्यादा दबाव डालने से बचें।
अगर आप अंडर आई एरिया में कंसीलर या अन्य मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं तो ऐसे प्रोडक्ट चुनें जो संवेदनशील त्वचा और आंखों के आसपास इस्तेमाल के लिए सुरक्षित हों।
अगर सामान्य देखभाल के बावजूद आंखों के नीचे की ड्राई स्किन ठीक नहीं होती या रूखापन लगातार बना रहता है, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें। खासतौर पर अगर ड्राईनेस के साथ लालिमा, ज्यादा खुजली, जलन, सूजन या त्वचा पर पपड़ी जैसी समस्या भी दिखाई दे रही है।