लाइफस्टाइल

परफेक्ट स्माइल पाने के चक्कर में दांतों को न कर बैठें खराब, जानें क्या है Teeth Shaving 

Teeth Shaving: घर पर दांतों को मनचाही शेप देने के लिए Teeth Shaving करना चाहिए या नहीं? आइए जानते हैं, ऐसा करने से दांतों के एनामेल को क्या नुकसान हो सकता है और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 10:58 AM IST
Teeth Shaving
Teeth Shaving के नुकसान (Representative Image) Image Credit Magnific

Teeth Shaving Side Effects: फैशन और ब्यूटी को लेकर सोशल मीडिया पर आए दिन इंफ्लुएंसर तरह-तरह के हैक्स और टिप्स शेयर करते रहते हैं। ऐसे ही कभी दांतों को सजाने के लिए टूथ ज्वेलरी या टूथ जेम्स (Tooth Jewelry या Tooth Gems) शेयर करते हैं, तो कभी बिना जरूरत के डेंटल ब्रेसेस (Dental Braces) लगाने के हैक्स देते हैं। ऐसा ही दांतों से जुडा एक और Teeth Shaving भी है, जिसमें नेल फाइल जैसी चीजों से दांतों को घिसा जाता है। आइए जानते हैं यह क्या होता है और ऐसा करने से क्या नुकसान हो सकता है।

टीथ शेविंग क्या है और यह क्यों किया जाता है?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, टीथ शेविंग को दांतों की रीशेपिंग और दांतों की कंटूरिंग भी कहा जाता है। इस प्रोसीजर में डेंटिस्ट या ऑर्थोडॉन्टिस्ट एक्स-रे और जांच के बाद एनामेल (दांत की सबसे बाहरी और सख्त परत) की बहुत कम परत हटाकर दांत की शेप ठीक करते हैं। इसे बाइट ठीक करने के लिए, ऊंचे-नीचे या अनबैलेंस्ड दांतों को बराबर करने के लिए, हल्के चिप हुए या टूटे दांत की शेप ठीक करने के लिए या ऑर्थोडॉन्टिक ट्रीटमेंट के लिए किया जाता है।

घर पर Teeth Shaving करने से क्या हो सकता है?

  • टीथ शेविंग करने से एनामेल घिस जाता है और दोबारा वापस नहीं आता। हर दांत में एनामेल की मोटाई अलग-अलग होती है, ऐसे में घर पर इसे अंदाजे से करना नुकसानदायक हो सकता है।
  • एनामेल के नीचे डेंटिन होती है, जो एनामेल जितनी सख्त नहीं होती। ऐसे में एनामेल की परत ज्यादा घिसने या हटने पर उसके नीचे मौजूद डेंटिन खुल सकती है। इससे दांतों में संवेदनशीलता बढ़ सकता है
  • टीथ शेविंग करने के बाद चाय, ठंडा पानी या आइसक्रीम खाने से झनझनाहट हो सकती है
  • टीथ शेविंग करने वाले हिस्से में कैविटी का खतरा ज्यादा होता है।
  • टीथ शेविंग करने के दौरान अगर घिसाई गहरी हो गई, तो दांत के बीच की पल्प तक असर पहुंच सकता है। पल्प के खराब होने पर रूट कैनाल कराना या टूथ एक्सट्रैक्शन यानी दांत निकलवाना पड सकता है।

अगर Teeth Shaving कर लिया है तो क्या करें?

अगर सोशल मीडिया के चक्कर में या किसी और वजह से आपने Teeth Shaving खुद से कर लिया है, तो दोबारा दांतों को घिसने की गलती न करें और जल्द से जल्द डेंटिस्ट से संपर्क करें।

मनपसंद दांतों की शेप पाने के लिए क्या कर सकते हैं?

अगर आपको अपने दांतों की शेप या साइज पसंद नहीं है, तो घर पर कोई भी टिप्स या हैक्स फॉलो करने के बदले किसी क्वालिफाइड डेंटिस्ट से कंसल्ट करके अपनी परेशानी बता सकते हैं। डेंटिस्ट आपकी समस्या और दांतों की हालत के अनुसार रीशेपिंग, बॉन्डिंग, वेनियर या ब्रेसेस में से सही ऑप्शन चुन सकते हैं।

एनामेल को बचाने के लिए डेली रूटीन में क्या करना चाहिए?

एनामेल बचाने के लिए आप अपने डेली रूटीन में इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं-

  • फ्लोराइड टूथपेस्ट से ब्रश करें
  • नरम ब्रिसल वाला ब्रश इस्तेमाल करें और जोर लगाकर ब्रश न करें
  • मीठी और खट्टी चीजें बार-बार खाने-पीने से बचें
  • बर्फ चबाने या दांतों से बोतल का ढक्कन खोलने जैसी आदतें बंद करें
  • हर 6 महीने या डेंटिस्ट के बताए अंतराल पर चेकअप भी करवाते रहें

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डेंटिस्ट की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। दांत से जुडी परेशानी होने पर डेंटिस्ट से संपर्क करें।

Updated on:
12 Nov 2026, 10:58 AM IST
Published on: