11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ठंड लगने पर शराब पीना कितना सही? शरीर को गर्म करने के बजाय बढ़ सकता है इन 3 समस्याओं का खतरा

Alcohol In Winter:सर्दियों में शराब पीना सेहत के लिए सही होता है या नहीं? आइए जानते हैं इसके शरीर पर पड़ने वाले असर, हाइपोथर्मिया के खतरे और ठंड में सुरक्षित रहने के जरूरी तरीके।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Priyambada yadav

•

Updated: 11 Nov 2026, 9:29 PM IST

Alcohol In Winter

Winter में Alcohol पीने से क्या होता है? (Representative Image) Image Credit Magnific

Hypothermia: सर्दियों के आने के साथ ही विंटर ट्रिप, क्रिसमस और न्यू ईयर जैसे कई मौकों पर लोग दोस्तों या पार्टनर के साथ शराब पीना पसंद करते हैं। ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है, नहीं तो हेल्थ से जुडी कुछ परेशानियां बढ सकती हैं। आइए जानते हैं कि ठंड में शराब पीने से क्या होता है और सेवन करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

क्या शराब पीने से शरीर को गर्मी मिलती है?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, शराब पीने पर स्किन के पास की खून की नसें फैल जाती हैं और ज्यादा खून स्किन की तरफ बहने लगता है। इसी वजह से चेहरा लाल हो जाता है और गर्मी लगने जैसा लग सकता है। लेकिन इस दौरान शरीर के अंदर की गर्मी बाहर निकलती रहती है। यानी एहसास गर्मी का होता है, जबकि शरीर का तापमान बढता नहीं है, बल्कि गिर सकता है।

ठंड में शराब पीने के क्या-क्या खतरे हो सकते हैं?

1. गर्मी का गलत एहसास: ठंड में शराब पीने पर स्किन की तरफ ज्यादा खून जाता है, जिससे दिल, दिमाग और बाकी जरूरी अंगों तक कम गर्मी पहुंचती है। इससे शरीर का तापमान गिर सकता है।

2. गर्मी के चलते कपड़े उतारना: शराब के असर में गर्मी लगने पर लोग जैकेट, स्वेटर या दस्ताने उतार देते हैं। ठंड में ऐसा करने से हाइपोथर्मिया यानी शरीर का तापमान बहुत गिर जाने का खतरा बढ जाता है।

3. शरीर में पानी की कमी: शराब का सेवन करने से ज्यादा पेशाब लग सकता है, जिससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है। ठंड में वैसे भी लोगों को प्यास कम लगती है, जिसके चलते वे कम पानी पीते हैं, इसलिए पता ही नहीं चलता कि शरीर में पानी की कमी हो रही है। पानी की कमी होने पर शरीर का तापमान संभालना मुश्किल हो जाता है।

ठंड में शराब पीते समय इन बातों का रखें ध्यान

ठंड में शराब पीने का सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि बाहर शराब न पिएं। फिर भी अगर आप पी रहे हैं, तो पीने से पहले कुछ खा लें, खाली पेट न पिएं। इसके अलावा बहुत ठंडी या बर्फ वाली ड्रिंक से बचने के साथ ही शराब के बीच-बीच में पानी या दूसरी बिना शराब वाली ड्रिंक लें। साथ में कोई ऐसा दोस्त रखें जिसने न पी हो और जो सही फैसले ले सके और गर्म कपड़े कई परतों में पहनें।

हाइपोथर्मिया के लक्षण दिखने पर क्या करें?

शराब पीने के बाद अगर किसी को तेज कंपकंपी हो, बोलने में लडखडाहट हो, उलझन या बहुत नींद जैसा लगे, या शरीर बहुत ठंडी पड जाए, तो इसे हल्के में न लें। ऐसे में तुरंत उसे गर्म जगह पर ले जाएं, गीले कपड़े बदलवाएं और जल्द से जल्द अस्पताल ले जाएं।

डिस्क्लेमर: इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। शराब से जुडी किसी भी परेशानी या सेहत की समस्या में डॉक्टर से सलाह लें।