
Causes of Feeling Cold: सर्दियों में हाथ-पैर ठंडे रहना या ठंड लगना आम बात है। लेकिन कुछ लोगों को अपने आसपास के लोगों की तुलना में दूसरे मौसमों में भी ज्यादा ठंड लगती है। इसके पीछे कुछ मामलों में स्वास्थ्य समस्या भी वजह हो सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि कुछ लोगों को ज्यादा ठंड क्यों लगती है, इसके कारण क्या हैं और डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, ज्यादा ठंड लगने के पीछे एनीमिया, शरीर में खून के प्रवाह की कमी, हाइपोथायरॉइडिज्म और शरीर में फैट की कमी जैसी वजहें हो सकती हैं।
एनीमिया में शरीर में लाल खून की कोशिकाएं (रेड ब्लड सेल्स) कम हो जाती हैं। ये कोशिकाएं शरीर के हर हिस्से तक ऑक्सीजन पहुंचाती हैं। ऑक्सीजन कम मिलने पर थकान और ठंड महसूस हो सकती है। इसके अलावा स्किन , नाखून, पलक के अंदर या मसूडों का पीला दिखना, सांस फूलना, चक्कर आना और कमजोरी जैसे भी लक्षण दिख सकते हैं।
हाथ-पैर तक खून ठीक से नहीं पहुंचने पर भी ठंडक महसूस हो सकती है। इसके पीछे नसों में प्लाक जमना (पेरिफेरल आर्टरी डिजीज) या रेनॉड्स फिनॉमिनन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। रेनॉड्स में ठंड या तनाव की वजह से उंगलियों की छोटी नसें सिकुड जाती हैं। इसके अलावा अगर किसी एक पैर या हाथ में अचानक ठंडक, पीलापन या तेज दर्द हो, तो यह खून का थक्का जमने का संकेत हो सकता है।
हाइपोथायरॉइडिज्म में थायरॉइड ग्रंथि जरूरत से कम हार्मोन बनाती है। ये हार्मोन शरीर का मेटाबॉलिज्म और तापमान ठीक रखने में मदद करते हैं। इनके कम होने पर मेटाबॉलिज्म धीमे पड जाते हैं और ठंड ज्यादा लग सकती है। इसके साथ थकान, वजन बढना, कब्ज और रूखी त्वचा जैसे लक्षण भी दिख सकते हैं।
शरीर की चर्बी गर्मी बनाए रखने में कुछ मदद करती है। उम्र बढने पर यह कम हो सकती है। इसके अलावा बहुत तेजी से वजन घटाने या खानपान में पोषण की कमी होने पर भी ठंड ज्यादा लग सकती है।
अगर आपको आसपास के लोगों के मुकाबले ज्यादा ठंड लग रही है। इसके साथ ही थकान, कमजोरी, चक्कर या सांस फूलने की दिक्कत हो रही है, हाथ-पैर में झनझनाहट, सुन्न होना या रंग बदलना दिख रहा है, अचानक ठंड बहुत ज्यादा लग रही है जबकि पहले ऐसा नहीं होता था, या ठंड इतनी तेज हो कि दांत बजने लगें, तो डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
डिस्क्लेमर: इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। लगातार ठंड लगने या किसी भी परेशानी होने पर डॉक्टर से सलाह लें।