लखनऊ

84 दिन का इंतजार, अब कोर कमेटी तक पहुंचेगी आवाज! 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से मिले पंकज चौधरी

UP Teacher Recruitment: 68,500 शिक्षक भर्ती की आरक्षण विसंगति को लेकर 84 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने पंकज चौधरी से मुलाकात की। उन्हें कोर कमेटी में मामला उठाने का भरोसा मिला।
4 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 4:39 PM IST
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से आवास पर मिले अभ्यर्थी, आरक्षण विसंगति दूर कराने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन; बोले- दलितों और पिछड़ों के अधिकारों पर नहीं होने देंगे आघात  (फोटो सोर्स : Ritesh Singh ) 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से आवास पर मिले अभ्यर्थी, आरक्षण विसंगति दूर कराने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन; बोले- दलितों और पिछड़ों के अधिकारों पर नहीं होने देंगे आघात  (फोटो सोर्स : Ritesh Singh ) 

Teacher Recruitment: 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति का मामला एक बार फिर चर्चा में है। न्याय की मांग को लेकर पिछले 84 दिनों से लखनऊ के इको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद पंकज चौधरी से मुलाकात की। उनके आवास पर पहुंचे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और भर्ती में हुई आरक्षण संबंधी गड़बड़ियों को दूर कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग उठाई।

लंबे समय से चल रहे इस आंदोलन में शामिल अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान होगा। मुलाकात के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इस मामले को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आरक्षित वर्गों के हितों पर किसी तरह का आघात नहीं होने दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों को अपनी मांगों पर सुनवाई की नई उम्मीद जगी है।

84 दिनों से इको गार्डन में जारी है धरना

68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण के नियमों का सही तरीके से पालन नहीं हुआ, जिससे पात्र अभ्यर्थियों को उनका हक नहीं मिल पाया। इसी मुद्दे को लेकर वे पिछले 84 दिनों से इको गार्डन में लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे कई बार अपनी मांग सरकार और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें ठोस नतीजे का इंतजार है। इसी वजह से उन्होंने एक बार फिर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

पहले भी कर चुके हैं पंकज चौधरी से मुलाकात

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से इससे पहले भी कई बार मुलाकात हो चुकी है। अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर उनके आवास पर 'दस्तक दो अभियान' के तहत प्रदर्शन भी किया था। उस समय भी उन्हें मामले का जल्द निस्तारण कराने का भरोसा दिया गया था। अभ्यर्थियों के मुताबिक, सोमवार को हुई मुलाकात में उन्होंने भर्ती से जुड़े पूरे प्रकरण की जानकारी दी और अब तक हुई कार्रवाई के बारे में भी बताया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इतने लंबे समय से आंदोलन करने के बावजूद उनकी मांगों पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है। ऐसे में अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि मामले का स्थायी समाधान चाहिए।

कोर कमेटी की बैठक में उठेगा मामला

अभ्यर्थी तूफान सिंह के मुताबिक, बातचीत के दौरान पंकज चौधरी ने बताया कि सोमवार को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में 68,500 शिक्षक भर्ती की आरक्षण विसंगति का मामला उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह पहले भी उच्च स्तर पर अभ्यर्थियों की समस्या को रख चुके हैं और आगे भी उनके न्याय के लिए प्रयास करेंगे। पंकज चौधरी ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि सरकार दलितों और पिछड़ों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी आरक्षित वर्ग के हितों को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और जल्द न्याय दिलाने का प्रयास करने की बात कही।

आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे अभ्यर्थी

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने बताया कि 84 दिनों से लगातार धरने पर बैठने के कारण अभ्यर्थियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग अपने घर और परिवार से दूर रह रहे हैं। लंबे समय से नौकरी और न्याय की उम्मीद लगाए बैठे अभ्यर्थियों की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि परिवार की जिम्मेदारियां, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्चों के बीच आंदोलन जारी रखना आसान नहीं है। इसके बावजूद वे अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि सरकार उनकी बात सुनेगी और आरक्षण से जुड़े विवाद का समाधान निकालेगी।

आयोग और विधान परिषद समिति की संस्तुतियां लागू करने की मांग

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति को लेकर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की सामाजिक न्याय एवं सद्भाव समिति की ओर से जारी आदेशों और संस्तुतियों का तत्काल अनुपालन कराया जाए। उनका कहना है कि जिन अभ्यर्थियों को आरक्षण का संवैधानिक लाभ मिलना चाहिए, उन्हें उनका अधिकार देते हुए नियुक्ति दी जाए। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। अभ्यर्थियों का मानना है कि जब तक पात्र लोगों को उनका हक नहीं मिलता, तब तक इस मामले का सही समाधान नहीं माना जा सकता। इसलिए वे सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं।

मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

प्रतिनिधिमंडल में शामिल आशुतोष वर्मा ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगों का न्यायपूर्ण निस्तारण नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपनी आवाज सरकार के सभी जनप्रतिनिधियों, कैबिनेट मंत्रियों, दोनों उप मुख्यमंत्रियों और मुख्यमंत्री तक पहुंचाते रहेंगे।

सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से हुई मुलाकात के बाद अभ्यर्थियों को उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन उनकी नजर अब कोर कमेटी की बैठक में होने वाली चर्चा और सरकार के अगले कदम पर है। 84 दिनों से जारी धरने के बीच अभ्यर्थी अब चाहते हैं कि उनकी मांगों पर जल्द फैसला हो और उन्हें नियुक्ति के रूप में न्याय मिल सके। इस मुलाकात में आंदोलन के नेतृत्वकर्ता तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, मोहित अहलावत और रणबहादुर शामिल रहे।