बिना खेले ही ‘आप’ बिगाड़ेगी यूपी की राजनीति का खेल

'आप' है पूरी तरह तैयार, लेकिन चुनाव मैदान में उतरेगी नहीं 

3 min read
Dec 16, 2016
naresh 1
संतोष कुमार पाण्डेय, इस बार उत्तर प्रदेश की राजनीति और विधानसभा चुनाव में एक पार्टी बड़े उलटफेर की तैयारी में है। हालांकि कि वह इस बार चुनाव में नहीं उतर रही लेकिन उसकी तैयारी पूरी है। उसकी चहलकदमी भी सभी प्रमुख पार्टियों की तरह बढ़ गई है। संगठन और सरकार के लोग प्रदेश में चुनावी दौरे की तरह आने लगे है। उस पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री खुद प्रदेश में आ रहे हैं। जी हां, हम बात कर रहे है आम आदमी पार्टी की। उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनाव में धमक देने को तैयार आप चुनाव मैदान में नहीं होगी। लेकिन बिना खेले ही राजनीतिक खेल को बिगाडने की रणनीति बना चुकी है। पार्टी के प्रदेश सचिव सुधीर भारद्वाज ने बताया कि हमारे पास रजिस्टर्ड 3.5 लाख से अधिक सदस्य हैं। हमारी पार्टी पूरी तरह से चुनाव के लिए तैयार भी है लेकिन पार्टी को आलाकमान से अभी आदेश नहीं मिला है। हम यूपी में भी दिल्ली सरकार का माॅडल लाना चाहते है। वहीं पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता वैभव महेश्वरी बताते है कि हमें सत्ता नहीं चाहिए हम बस प्रदेश की जनता को अच्छा सुशासन और अच्छा राजनीतिक विकल्प देना चाहते है। जिससे लोगों को भ्रष्टाचार से मुक्ति मिले। हां, यूपी के नगरीय निकाय के चुनाव में हम मैदान में उतरेंगे। विधानसभा चुनाव अभी हमारी प्राथमिकता में नहीं हैं।

हमारी लड़ाई केवल बीजेपी से है : नरेश यादव
आम आदमी पार्टी भले ही सत्ता में केवल दिल्ली में हो लेकिन उसकी नजर भारत के सभी राज्यों के नगर निकाय चुनाव, विधानसभा चुनाव पर रहती है। कही न कही अपनी उपस्थिति के लिए प्रयास भी करती है। पंजाब, उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तरप्रदेश विधान सभा चुनाव में पार्टी क्या करने जा रही है, चुनावी मुदृदे क्या होंगे आदि सवालों का पार्टी के यूपी सह प्रभारी और महरौली दक्षिण के विधायक नरेश यादव ने बेबाकी से जवाब दिया। पेश है उनसे बातचीत के कुछ अंश :
क्या आप दिल्ली की तरह यूपी चुनाव में तैयार है ?
हां, लेकिन हम विधान सभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। बस हमारी तैयारी चल रही है।
जब आप चुनाव में नहीं है तो कैसी तैयारी?
यह तैयारी इसलिए है कि हमसे लोग जुड़ रहे है। यहां के लोगों को एक नया राजनीतिक विकल्प मिल रहा है। हम उन्हे नकार और उनके विश्वास को तोड़ नहीं सकते।
फिर, चुनाव से क्यो भाग रही आप ?
हम प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में मैदान में होंगे। भाजपा के महापौर अधिक शहरों में है। उन्होंने क्या काम किया है क्या नहीं। यह हमारा मुद्दा होगा। हम लोगों के बीच में इनके काम को लेकर जाएंगे।
आप की लड़ाई भाजपा से या मोदी से ?
दोनों से। देश की जनता को परेशान किया जा रहा है। नोटबंदी नहीं है यह लाखों का बड़ा घोटाला है।
प्रदेश की वर्तमान सरकार पर क्या कहना है ?
वर्तमान सरकार अच्छा काम नहीं कर रही। हमारी लड़ाई केवल भाजपा से है। भाजपा को हम घेरेंगे।
कही आप दूसरी पार्टियों को वोट ट्रांसफर तो नहीं करने वाले?
यह काम हमारा नहीं है। हमारे कार्यकर्ता हमसे इसलिए नहीं जुड़ते की उन्हें फायदा होगा। वो इस लिए जुड़ते है कि उन्हें एक इमानदार पार्टी और इमानदार मुखिया मिला है। हम पार्टी के लिए लड़ रहे है फिर क्यो वोट ट्रान्सफर करेंगे।
नोट बंदी पर आप क्या कर रही है ?
नोटबंदी एक गलत निर्णय है। देश की जनता परेशान हो रही है। हमारी पार्टी पूरे देश में इसके खिलाफ प्रदर्शन करेगी। देश की जनता को इसकी हकीकत बताएगी।
आप के साथ यूथ कहा खड़ा है ?
सभी राज्यों में यूथ हमारे साथ अधिक संख्या में जुड़ रहे हैं। हमारी पार्टी असली मायनों में यूथ की पार्टी है। यूथ को हम आगे लाएंगे।
चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया क्या होगी ?
इसके लिए हम परीक्षा लेते है। जो उसमें पास होगा वहीं चुनाव मैदान में आप पार्टी का प्रत्याशी होगा।


Published on:
16 Dec 2016 02:05 pm
Also Read
View All