लखनऊ

‘मछली खाने का वीडियो है तो दिखाइए’, ‘मछली भोज’ विवाद पर पर अजय राय का CM योगी को चैलेंज, बोले- सबूत दिखाएं योगी

Ayodhya Fish Feast Controversy: मछली खाने के आरोप पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने CM योगी आदित्यनाथ पर पलटवार करते हुए उनसे सबूत मांगे हैं। अजय राय ने सीएम योगी को चैलेंज किया कि अगर सावन में उनके मछली खाने का वीडियो या फोटो है तो उसे सार्वजनिक करें...
2 min read
Aug 25, 2026
Ajay Rai, CM Yogi, Yogi Adityanath, Congress,
अजय राय ने CM योगी को दी खुली चुनौती

Ajay Rai Ayodhya Fish Feast Clarification:उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अयोध्या दौरे के दौरान आयोजित स्वागत समारोह में कथित तौर पर ‘मछली भोज’ परोसे जाने का विवाद थम ही नही रहा। अब सावन के पवित्र महीने में मछली खाने के आरोपों पर अजय राय ने विडियो जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पलटवार किया है। अजय राय ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से झूठा और निराधार बताते हुए मुख्यमंत्री को सबूत पेश करने की खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी का यह बयान उनके राजनीतिक डर का नतीजा है।

हम काशी के सनातनी हैं, योगी जी दिखाएं सबूत

अजय राय ने वीडियो के जरिए अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कल से जो सियासी घमासान मचा हुआ है वह सीएम योगी के झूठे आरोपों के कारण है। उन्होंने कहा कि, "हम सभी सनातनी हैं, सनातन धर्म का पूरी तरह से पालन करते हैं और भगवान शिव की नगरी काशी के रहने वाले हैं।" कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि योगी जी एक बड़े मठ के महंत हैं और प्रदेश के मुख्यमंत्री भी हैं। अगर उनके पास मेरे सावन में मछली खाने का कोई वीडियो या तस्वीर मौजूद है तो वह उसे तुरंत जनता के सामने लाएं।

कार्यक्रम के बारे में बताते हुए अजय राय ने कहा कि वो वहां निषाद समाज के लोगों के बीच गए थे। निषाद समुदाय के लोगों ने प्रेमपूर्वक भोजन की व्यवस्था की थी और हम सभी ने वहां बड़े ही स्नेह के साथ मिलकर भोजन किया था। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस प्रमाण के इस तरह के झूठे आरोप लगाना बेहद निंदनीय है।

'कुंवर सिंह निषाद को दी जा रही गालियां'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सत्ता पक्ष के समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज कांग्रेस के प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद को लगातार गालियां दी जा रही हैं। उन्होंने सीएम योगी से सख्त अपील करते हुए कहा कि जो लोग ऐसी गिरी हुई हरकतें कर रहे हैं उन पर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें सजा मिले। अजय राय ने चेतावनी दी कि अगर एक्शन नहीं लिया गया तो पूरा निषाद समाज यह महसूस करेगा कि यह उनके पूरे समुदाय का अपमान है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

दरअसल, रविवार को अयोध्या में निषाद समाज की तरफ से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें अजय राय और राजेंद्र पाल गौतम समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर वहां मछली पकाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद भाजपा नेताओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा था। सीएम योगी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करने का ढोंग करते हैं और फिर अयोध्या में मछली की दावत उड़ाते हैं जो कि हमारी महान विरासत का घोर अपमान है।