
लखनऊ. सुभासपा के अध्यक्ष और यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओप्रकाश राजभर द्वारा अभी तक भाजपा के खिलाफ ही बयान दिए जा रहे थे, लेकिन अब तो उन्होंने विपक्षियों पर भी निशाना साधना शुरू कर दिया है। उन्होंने ऐसे आरोप लगाए हैं, जो विपक्षी दल के गले के नीचे नहीं उतर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता तो आक्रोशित हैं ही, पार्टी अध्यक्ष ने भी उनको करारा जवाब दिया है। ओमप्रकाश राजभर द्वारा यादवों और राजपूतों द्वारा सबसे ज्यादा शराब का सेवन करने का आरोप लगाने पर अखिलेश यादव ने उन पर पलटवार किया है।
अखिलेश यादव ने कर दी ये मांग-
सुभासपा के अध्य्क्ष ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कहा था कि सबसे अधिक यादव व राजपूत शराब पीते हैं, लेकिन बदनाम राजभर समाज के लोग हो जाते हैं। यूपी में शराब की बिक्री बंद होनी चाहिए और इसके लिए सुभासपा आंदोलन करने जा रही है जिसकी शुरुआत वाराणसी से होगी। ओपी राजभर के इस बयान से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव काफी आहत हुए हैं और उन्होंने राजभर व यूपी सरकार करारा जवाब देेते हुए उनसे एक मांग कर डाली है। अखिलेश ने कहा केवल शराब ही नहीं तम्बाकू, चरस, अफ़ीम जैसी चीजों के खिलाफ भी आंदोलन होना चाहिेए।
अखिलेश यादव ने किया ट्वीट-
अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट किया, "केवल शराब ही क्यों गांजा-चिलम, ताड़ी, तम्बाकू, चरस, अफ़ीम की पुड़िया और अहंकार के ख़िलाफ़ भी आंदोलन होने चाहिए। ये नशे भी तो आजकल खूब चल रहे हैं। नशा लोग करते हैं, कोई जाति नहीं।"
राजभार के आवास पर हुआ हमला-
कैबिनेट मंत्री का विवादित बयान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी नगवारा गुजरी और आज लखनऊ में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के लखनऊ स्थित आवास पर जमकर टमाटर फेंकते हुए अपनी विरोध पेश किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आवास के बाहर लगी राजभर की नेम प्लेट को भी उखाड़ कर तोड़ दिया।