
Akhilesh Yadav: गोरखपुर में लगातार बारिश से जलभराव के बीच सांसद रवि किशन के शहर के हालात का जायजा लेने पर अखिलेश यादव ने तंज कसा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि मुख्यनगरी में भाजपाई सांसद का ये विरोध-प्रदर्शन टाला भी जा सकता था, भ्रष्ट व्यवस्था की तस्वीरों को छपने से छुपाया भी जा सकता था लेकिन ज़बरदस्ती पानी में चलकर और बक़ायदा वीडियो बनाकर और उसे प्रसारित करके ये दर्शाया जा रहा है कि भाजपाई सासंद लखनवी चाल को आख़िरकार समझ ही गये हैं. अब भाजपा के अंदर ही ‘गोरखपुर बनाम गोरखपुर’ हो गया है। सबसे बड़ा सच तो ये है कि जब पानी में डूब गया इनका अपना हाता, तब याद आया इनको कि किसी को ‘हाता नहीं भाता’।
बता दें कि लगातार बारिश और जलभराव के बीच गोरखपुर सांसद रवि किशन शनिवार देर शाम शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उनके साथ डीएम दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन और महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलभराव और जलनिकासी की स्थिति की जानकारी ली। रवि किशन ने सोशल मीडिया पर निरीक्षण का वीडियो साझा करते हुए नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे काम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण सड़कों पर उभरे गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिन्हित किया जा रहा है। जहां तत्काल मरम्मत संभव है, वहां भराव का काम कराया जा रहा है।
सांसद के मुताबिक, नगर निगम की फील्ड टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात हैं और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी की जा रही है। जिन स्थानों पर स्थायी मरम्मत के लिए मौसम का साफ होना जरूरी है, वहां बारिश रुकने के बाद काम कराया जाएगा।
रवि किशन ने कहा कि नगर निगम स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहा है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टीमें भी लगाई जा रही हैं। उनका कहना है कि बारिश के दौरान शहरवासियों की सुरक्षा और आवागमन को सुचारु रखना प्राथमिकता है।
लगातार बारिश के बीच प्रशासन और नगर निगम की टीमें जलभराव वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं। इससे पहले भी अधिकारियों ने शहर के कई निचले इलाकों और जलनिकासी बिंदुओं का निरीक्षण कर पंप और सक्शन मशीनों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।