
Akhilesh Yadav Detained: दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन के ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ के दौरान पुलिस ने अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस ने सभी सांसदों को बसों में बैठाया है। हिरासत में लिए जाने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि पार्लियामेंट शुरू कर दें, हम हाउस अटेंड कर लेते। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस उन्हें ज्ञानेश कुमार से मिलाने ले जा रही है, उन्होंने कहा है कि वह व्यक्तिगत इस्तीफा देंगे, ऐसे इस्तीफा नहीं देंगे।
संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय के बीच 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। इसके बावजूद विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाने पर अड़े हुए हैं।
दिल्ली में एसआईआर (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में इंडिया (INDIA) गठबंधन के सांसदों ने ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ शुरू किया है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी समेत करीब 150 विपक्षी सांसद संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर पैदल निकले हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और तृणमूल कांग्रेस समेत 19 दल इस मार्च में शामिल हैं। करीब तीन किलोमीटर के इस मार्च को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया, जिसके बाद 100 से ज्यादा विपक्षी सांसद सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ गए और सांसदों ने नारेबाजी की।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो देश की खातिर हैं लड़ते, वो गिफ्तारी से नहीं हैं डरते। BJP ही CEC है। देश का एकमत, CEC दे त्यागपत्र! उन्होंने कहा कि कि 'वन नेशन वन इलेक्शन’ की बात करने वालों का असली मंसूबा और ‘चंडीगढ़ी चाल’ यह है कि एक बार में ही चुनाव कराकर सब निपटा दिया जाए, ताकि बार-बार घपला करने की जरूरत न पड़े। घपला-घोटाला जितनी कम बार होगा, पकड़े जाने की आशंका भी उतनी ही कम होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि दरअसल वन नेशन वन इलेक्शन की जगह, इन भाजपाइयों को कहना चाहिए ‘ONCE CORRUPTION, ONCE ELECTION’ अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि अब केवल एक और बार चुनाव करवाने की साजिश है, फिर कभी चुनाव होगा ही नहीं।