लखनऊ

अखिलेश यादव ने धनराज परिमल नथवानी को दिया राज्यसभा टिकट, रामगोपाल के साथ आज करेंगे नामांकन

Who Is Dhanraj Nathvani: सपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए धनराज परिमल नथवानी को प्रत्याशी बनाया है। वह रिलायंस इंडस्ट्रीज में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और आज रामगोपाल यादव के साथ नामांकन करेंगे। तीसरे प्रत्याशी के नाम पर अभी सस्पेंस है।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
Dhanraj Nathvani
धनराज परिमल नथवानी और रामगोपाल यादव (ANI Photo)

Dhanraj Nathwani Given Rajya Sabha Ticket:उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए कारोबारी धनराज परिमल नथवानी को अपना प्रत्याशी बनाया है। नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और मुकेश अंबानी के करीबी माने जाते हैं। वह बुधवार सुबह 11 बजे सपा महासचिव रामगोपाल यादव के साथ नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे। सपा की ओर से राज्यसभा की तीन सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाने की चर्चा है, लेकिन तीसरे नाम को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।

दो उम्मीदवारों की जीत तय

राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 37 विधायकों के वोट जरूरी होंगे। सपा के पास फिलहाल 100 विधायक हैं, जिनमें से एक विधायक जेल में है। ऐसे में दो उम्मीदवारों का राज्यसभा पहुंचना तय माना जा रहा है। वहीं, तीसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए सपा को कम से कम 12 और विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। यह समर्थन कहां से जुटाया जाएगा, इसे लेकर सपा की ओर से अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

जानिए कौन है धनराज परिमल

धनराज परिमल नथवानी का जन्म 5 फरवरी 1986 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने लंदन के रेजेंट्स बिजनेस स्कूल से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है। इसके अलावा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से कॉरपोरेट लॉ और पब्लिक रिलेशंस में एमबीए किया है। धनराज रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं। साल 2014 में उन्होंने भूमि नथवानी से शादी की।

धनराज नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के अध्यक्ष हैं। उन्होंने साल 2022 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम के निर्माण में भी उनकी अहम भूमिका बताई जाती है। इसके अलावा वह द्वारका देवस्थान समिति के उपाध्यक्ष भी हैं।

16 अक्टूबर को होगा चुनाव

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। इन सीटों पर मौजूदा राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो जाएगा। फिलहाल इन 10 सीटों में से आठ बीजेपी के पास हैं, जबकि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के पास एक-एक सीट है। विधानसभा में पार्टियों की मौजूदा संख्या के हिसाब से बीजेपी आठ सीटें जीत सकती है, जबकि दो सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में जा सकती हैं।

Updated on:
30 Sept 2026 10:58 am
Published on:
30 Sept 2026 10:15 am
Also Read
View All
‘पहले दिन से भेदभावपूर्ण रवैया’, अखिलेश यादव ने बीजेपी पर लगाया आरोप, बोले- यूपी में पीडीए के खिलाफ सबसे ज्यादा भेदभाव

‘उनकी पोस्ट को नहीं देते महत्व’, OP राजभर के पोस्ट पर सपा का हमला, बोले भाजपा सरकार और सूचना विभाग करते हैं ट्रोल

अखिलेश यादव के तीन राज्यसभा प्रत्याशियों पर ओपी राजभर का तंज, बोले- PDA में परिवार तो हो गया, D से दौलतमंद और A से कोई अपराधी होगा क्या?

लखनऊ में लगे कृष्ण जन्मभूमि धर्म संसद के पोस्टर, अखिलेश यादव से पूछा- क्या चुनावी रथ पहुंचेगा?

‘आखिरी वक्त तक लड़ेंगे’, मस्जिदों में तोड़फोड़ के खिलाफ प्रदर्शन में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क बोले- सड़क से संसद तक उठायेंगे आवाज