
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के आह्वान का असर आखिरकार देखने को मिला। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रामपुर दौरे पर हैं और सपा सांसद आजम खां को लेकर उन्होंने हुंकार भरी। उन्होंने भाजपा सरकार पर आजम खां पर अत्याचार करने का आरोप तो लगाया, साथ ही पिता मुलायम सिंह यादव का जिक्र करते हुए कहा कि न्यायालय उनकी मदद करेगा। मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने इस पर पूरी जानकारी दी।
जनता का भरोसा प्रशासन और सरकार से उठता ही जा रहा-
उन्होंने पत्रकार से बातचीत में कहा कि प्रशासन जितना अन्याय करेगा, लोगों का सरकार पर उतना ही विश्वास कम होगा। वैसे भी आज जनता का भरोसा प्रशासन और सरकार से उठता ही जा रहा है। मुकदमों की सूची देखिए, किस-किस तरह के मामले दर्ज हुए हैं। मां रो रही है कि उनके बेटे को फर्जी फंसा दिया गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, महिलाओं के साथ भी अन्याय हुआ है। परिवार के सदस्यों को अपमानित करने के लिए उन्हें थाने तक ले जाया गया।
आजम साहब ने तो बच्चों की जिंदगी संवारने का नेक काम किया-
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां साहब ने एक बेहतरीन जौहर अली विश्वविद्यालय की स्थापना की। उन्होंने जो सपना देखा उसको जमीन पर उतारा। उन्होंने आनेवाली नई पीढ़ी के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए यह संस्थान बनाया। आज शिक्षा बहुत मंहगी हो गई है। इस विश्वविद्यालय से रामपुर और आस पास के जिलों के युवाओं को बेहतर शिक्षा मिलती। आजम साहब ने तो बच्चों की जिंदगी संवारने का नेक काम किया।
नेताजी पर भी दर्ज हुए थे मकदमे-
समाजवादी सरकार के सत्ता में आने पर सांसद एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां के खिलाफ दर्ज सभी केस वापस ले लिए जाएंगे। इस सम्बंध में प्रदेश की महामहिम राज्यपाल से और जरूरत होने पर लोकतंत्र के जिम्मेदार से भी मुलाकात करूंगा। उन्हें प्रशासन द्वारा किए जा रहे अत्याचार की जानकारी दूंगा। रामपुर से सभी एफआईआर की काॅपी ले जाकर पूरी रिपोर्ट तैयार की जायेगी। हमें न्यायपालिका पर भरोसा है इसलिए विश्वास है कि वहां से न्याय मिलेगा। ऐसे ही तमाम मुकदमें एक बार नेता जी मुलायम सिंह यादव पर भी दर्ज हुए थे, तब न्यायालय ने मदद की थी।