लखनऊ

अयोध्या में सपा नेता अखिलेश उर्फ टिक्कू की हत्या पर पार्टी अध्यक्ष का आया बड़ा बयान

सपा नेता की हत्या व महिलाओं से भी जुड़ी तमाम आपराधिक घटनाओं पर अखिलेश यादव ने रोष व्यक्त किया है।

2 min read
Jul 16, 2019
Akhilesh

लखनऊ. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में बढ़ रहे अपराध को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) बेहद नाराज है। वहीं सपा के नेताओं की हत्याओं के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। सोमवार को ही अयोध्या (Ayodhya) के महाराजगंज थाना क्षेत्र समाजवादी पार्टी के युवा नेता अखिलेश यादव उर्फ टिक्कू की हत्या कर दी गई थी, जिससे पार्टी में भारी आक्रोश है। सपा नेता की हत्या व महिलाओं से भी जुड़ी तमाम आपराधिक घटनाओं पर अखिलेश यादव ने रोष व्यक्त किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जारी एक बयान में कहा है कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेलगाम हैं। कानून-व्यवस्था का उन्हें जरा भी खौफ नहीं रह गया है। हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सीएम योगी के बयान के बाद भी अपराधी प्रदेश छोड़कर नहीं गए, जो जेल गए वहीं से वे अपना काला धंधा धड़ल्ले से चला रहे हैं। महामहिम राज्यपाल महोदय भले ही इन हालात में उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश की राह पर बताएं पर सच तो यह है कि आज यह राज्य जनता के लिए भय और दहशत का पर्याय बन गया है।

अखिलेश यादव उर्फ टिक्कू उभरते युवा नेता थे-
अखिलेश यादव ने कहा कि अभी कल (15 जुलाई 2019 को) ही अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र में देर शाम समाजवादी लोहिया वाहिनी के गोसाईगंज विधानसभा अध्यक्ष अखिलेश यादव उर्फ टिक्कू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। टिक्कू यादव समाजवादी पार्टी के उभरते युवा नेताओं में थे। उन्होंने आगे कहा कि लखनऊ में सआदतगंज में दबंगों ने सरेराह एक महिला के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर पिटाई कर दी।

महिलाओं-बच्चियों के यौन शोषण की घटनाएं नहीं हो रही कम-

सपा अध्यक्ष ने कहा कि इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के यौन शोषण की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। छेड़छाड़ के डर से तमाम छात्राओं ने स्कूल या कोचिंग जाना ही छोड़ दिया। बलात्कार की बढ़ती इन घटनाओं का स्वतः संज्ञान सर्वोच्च न्यायालय ने भी लिया है। कानून के बावजूद शासन प्रशासन अपराधियों में उसका भय नहीं पैदा कर सका है। स्थिति दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।

राज्यपाल को सौंपा गया था ज्ञापन-
उन्होंने कहा कि 15 जून 2019 को राज्यपाल राम नाईक से भेंट कर समाजवादी पार्टी द्वारा निर्दोषों की हत्याओं से सम्बन्धित पत्र सौंपा था। एक माह बीत चुका है लेकिन सुधार के नाम पर परिणाम सिफर ही है। आज भी हत्याओं का क्रम जारी है।

Published on:
16 Jul 2019 09:33 pm
Also Read
View All