
Akhilesh Yadav Reacts on Gorakhpur JCB Accident: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की PDA रथयात्रा के दौरान JCB की चपेट में आने से छात्र की मौत के मामले में सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस घटना का वीडियो जारी किया है। सीएम योगी की ओर से समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर लगाए गए आरोपों के बाद अब सपा अध्यक्ष ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री पर बेबुनियाद आरोप लगाने और हादसे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री के दावों पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो साफ दिखाता है कि घटनास्थल पर कोई रोड शो या रैली नहीं हो रही थी, जिसे लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री दूसरों को दोष दे रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि गोरखपुर में बच्चे की दुखद मौत को लेकर मुख्यमंत्री जिस तरह दूसरों पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, वह अत्यंत निंदनीय है और राजनीति के सबसे निचले स्तर का उदाहरण है।
अखिलेश यादव ने इस त्रासदी पर हो रही बयानबाजी को लेकर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटना पर राजनीति करना शोकाकुल परिवार के साथ भी सरासर अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदनहीन लोग इस घटना पर केवल राजनीति करने में लगे हुए हैं। अपने बच्चे को खोने का दर्द केवल उसका परिवार ही समझ सकता है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार का दुख बांटने और उसकी मदद करने की जरूरत है, न कि आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने की।
सपा प्रमुख ने गोरखपुर हादसे की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जांच के जरिए ही इस घटना की पूरी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए ताकि हकीकत स्पष्ट हो सके।
दरअसल, गोरखपुर में PDA रथ यात्रा वाले दिन फूल बरसाने के लिए चल रही JCB की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। बताया गया कि छात्र अपनी बहन को केंद्रीय विद्यालय से लेने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। गंभीर हालत में उसे एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था। अब अखिलेश यादव ने वीडियो साझा कर मुख्यमंत्री के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए पलटवार किया है।