कहा-भाजपा के लिए गरीबी, महंगाई मुद्दा नहीं, केवल समाज में जातियों में झगड़ा हो और इन्हें इसका लाभ मिल जाए।
लखनऊ. अगले साल देश में लोकसभा का चुनाव होने जा रह है। यह चुनाव उत्तर प्रदेश के लिए सबसे महत्वपूर्ण होगा। उत्तर प्रदेश ने अक्सर देश को प्रधानमंत्री दिया है।
यह बातें पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यहां कही। भाजपा पर तगड़ा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा किसी को भी आराम से नहीं रहने देना चाहती। गरीबी इनके लिए मुद्दा नहीं, महंगाई इनके लिए मुद्दा नहीं, केवल समाज में जातियों में झगड़ा हो और इन्हें इसका लाभ मिल जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ में कभी किसी को न्योता नहीं दिया गया, भारतीय जनता पार्टी ने नई परंपरा शुरू कर दी है।
नोटबंदी से हुए नुकसान के बारे में बताएं
पूर्व सीएम पार्टी कार्यालय में सैनिक प्रकोष्ठ की बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी अधिक से अधिक जनता के बीच जाएं और अपनी-अपनी बात जनता के बीच रखें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के संगठन की बैठकें इसीलिए लगातार हो रही है। चुनाव शुरू होने के साथ हमें मुद्दों के साथ तैयार रहना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कार्यकर्ता जनता को किसान का कर्ज माफी, युवाओं के साथ होने वाले धोखा, डीजल और पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी, अर्थव्यवस्था में पिछडऩे, नोटबंदी से हुए नुकसान के बारे में बताएं।
अखिलेश यादव ने कहा कि हमने बुधवार को भी कहा था कि यूपी में जब सपा की सरकार थी तो मथुरा और आगरा में बंदर पकडऩे के लिए करोड़ों का टेंडर हुआ था। अभी भी मौका है उस टेंडर को रद्द कर दें जो पैसा बचे उससे हनुमान चालीसा खरीद कर लोगों को बंटवा दें। भाजपा किसी को भी आराम से नहीं रहने देना चाहती। गरीबी इनके लिए मुद्दा नहीं, महंगाई इनके लिए मुद्दा नहीं, केवल समाज में जातियों में झगड़ा हो और इन्हें इसका लाभ मिल जाए।