लखनऊ

मेक इन इंडिया के नाम पर बीजेपी ने स्वदेशी आंदोलन को लगा दी फांसी: अखिलेश यादव

मेक इन इंडिया के नाम पर बीजेपी ने स्वदेशी आंदोलन को लगा दी फांसी: अखिलेश यादव

2 min read
Jan 02, 2019
Akhilesh Yadav Big statement on yogi adityanath
Akhilesh yadav

लखनऊ. अखिलेश यादव ने कहा कि मेक इन इंडिया के बहाने भाजपा ने स्वदेशी आंदोलन को फांसी लगा दी है। विदेशी सामानों का आयात बढ़ रहा है। चीन और विदेश से सामान मंगाने के लाइसेंस बंट रहे हैं। बिचौलियों ने व्यवस्था पर कब्जा कर लिया हैं। विकास पिंजरे में कैद हो गया है। किसान, नौजवान सहित समाज का हर वर्ग हताश, कुंठित और परेशान है। वह अब लोकसभा चुनावों का इंतजार कर रहा है। समाजवादी साथियों को प्रदेश को बर्बादी से बचाने के लिए अब आगे आना होगा।


अखिलेश ने कहा कि वर्तमान में जो सरकार चल रही है उसने दो तरह की शपथ ले रखी है एक संविधान की और दूसरी आरएसएस की। लेकिन संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। वर्तमान में सत्ता में ऐसे लोग काबिज हैं जो सत्ता का दुरूपयोग अपने निजी स्वार्थों के लिए कर रहे हैं। जनता को धोखा दिया जा रहा हैं। भाजपा समाज में नफरत और दूरी पैदा कर रही है। भाजपा सिद्धांतहीन पार्टी है।


अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी खुशहाली और रौनक लाना चाहते हैं, भाजपा उजाड़ने और परेशानी पैदा करने में यकीन रखती है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ठप्प है। बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार अपहरण की घटनाएं न घटती हों। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में नौजवानों की नौकरियों का रास्ता बंद हो गया है। किसानों को फसल का लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा है। किसान कर्ज से लदे हैं और आत्महत्या कर रहे हैं। मंहगाई बढ़ी हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का विजन और विकास का लक्ष्य है। समाज में तेजी से बदलाव हुआ है। जीवन आसान तो हुआ किन्तु व्यवहार बदल रहा है। भारत में पूंजी का केन्द्रीकरण होने से गरीब और गरीब हुआ है और सामाजिक-आर्थिक विषमता बढ़ी है। उन्होंने कहा हम समाजवादी डाॅ. लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विरासत को आगे ले जाने को संकल्पित हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि सड़कों और बड़ी विकास योजनाओं से ही प्रदेश का विकास होगा। सामाजिक न्याय की मांग है कि जनसंख्या के आधार पर सबकी भागीदारी तय हो तो किसी को शिकायत नहीं होगी। अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता से बाहर जाते-जाते भाजपा को अपनी याद के प्रतीक के तौर पर एक जुमला पार्क बनाना चाहिए चूंकि यही भाजपा की पहचान होगी। फिलहाल पहला लक्ष्य दिल्ली से भाजपा को हटाने का है। 2019 में निर्णय का समय आ चुका है। भाजपा को अब सच का सामना करने को तैयार रहना होगा।

Published on:
02 Jan 2019 07:01 pm