अखिलेश यादव ने गठबंधन को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा भाजपा को करेंगे सत्ता से बाहर
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा के खिलाफ गठबंधन को सही फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल ही इस पार्टी का रास्ता रोक सकते हैं। वर्तमान राजनीति में क्षेत्रीय दलों की भूमिका बढ़ गई है और वह भाजपा को सत्ता से बाहर कर देंगे।
वहीं आगे अखिलेश यादव ने कांग्रेस से गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से गठबंधन हो न हो, लेकिन रिश्ते हमेशा अच्छे बने रहेंगे।
लोगों को बहकाने का काम कर रही भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान राजनीति में विकास के मुद्दे पीछे हो गए हैं। भाजपा गाय की सुरक्षा और संरक्षण को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई अब उसी से पीछा छुड़ा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अगर सदन में कहते हैं कि उन्हें हिंदू होने पर गर्व है, वह ईद नहीं मनाते, तो हमें भी पिछड़ा हिंदू होने पर गर्व है। भाजपा लोगों को बहकाने का काम कर रही है।
अपराधियों से नहीं है हमारा कोई रिश्ता: अखिलेश यादव
उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर ऐसे मुद्दे उछालती है कि लोगों का ध्यान विकास से हटे। 'अच्छे दिन' के नारे में विकास और खुशहाली की संभावना दिखी थी, लेकिन चार साल बीतने के बाद निराशा हुई। भाजपा कभी नहीं चाहेगी विकास मुद्दा बने। लोगों को नौकरी और रोजगार चाहिए। लोग क्या चाहते हैं, यदि यह हम न समझ पाए तो यह राजनीतिक बेईमानी है। एक सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि हम सबको साथ लेकर चलेंगे। चुनाव बाद सभी पार्टियां मिलकर नेता का चयन कर लेंगी, लेकिन अपराधियों से हमारा रिश्ता नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि यूपी के दो उपचुनाव के नतीजों से ही भाजपा नेता हड़बड़ा गए। मुख्यमंत्री ने हमें सांप-छछूंदर कहा तो उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष कुत्ता-बिल्ली तक पहुंच गए।