समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक तरफ जहां इसे भाजपा सरकार के दमन पर विजय बताया.
लखनऊ. हाईकोर्ट ने आखिरकार उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पर फैसला सुनाकर बीटीसी पास अभ्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। इससे गदगद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक तरफ जहां इसे भाजपा सरकार के दमन पर विजय बताया है वहीं उन्होंने सभी सफल अभ्यार्थियों को शुभकामनाएं दी है।
आपको बता दें कि यूपी में शुरू हुई 2016 की 12,460 पदों वाली सहायक अध्यापक भर्ती ग्रेडिंग प्रक्रिया पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया है जिसमें हाईस्कूल, इंटर, स्नातक व बीटीसी के प्राप्ताकों पर अभ्यार्थी को ग्रेड मिलेगा। ग्रेडिंग के आधार पर ही मेरिट बनेगी और अभ्यार्थी का चयन किया जायेगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस पर अपनी सहमति जताई और बीटीसी 2013 के अभ्यर्थियों द्वारा ग्रेडिंग सिस्टम के खिलाफ दाखिल याचिका को खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट ने ग्रेडिंग सिस्टम के विरुद्ध दी गई अपीलों के भर्ती प्रक्रिया को उलझाने वाला माना और परीक्षा अधिकारी को निर्णय लेने की छूट दी। कोर्ट ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी है और इसलिए भर्ती प्रक्रिया में हस्तक्षेप सही नहीं होगा।
अखिलेश यादव ने किया ट्वीट-
अभ्यार्थियों की इस जीत पर अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर पर एक तस्वीर शेयर की है जिसमें कई अभ्यार्थी पुलिस द्वारा डंडे खाते हुए नजर आ रहे है। अखिलेश ने एक तरह से उनके संघर्ष को दिखाया है और आखिरकार जीत हासिल करने की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है, "कठोर संघर्ष से भाजपा सरकार के दमन पर विजय प्राप्त कर नियुक्ति पत्र जारी करने की घोषणा कराने वाले सपा सरकार में सफल हुए 12,400 अभ्यर्थियों एवं उनके परिवारों को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।"
सीएम योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र-
कोर्ट के आदेश के बाद आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने हाथों से शिक्षकों को दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि के दीक्षा भवन में सहायक अध्यापक पद के लिए नियुक्ति पत्र दिया। सीएम के हाथ से आठ जिलों के तीन-तीन शिक्षकों ने नियुक्त पत्र प्राप्त किया। इसी के साथ सीएम ने यह ऐलान किया कि मई माह में 68,500 और शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरु की जाएगी।