अखिलेश यादव ने कहा कि अभी बीजेपी छोड़कर और लोग भी सपा में आएंगे...
इटावा. उत्तर प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर सभी बड़ी पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक रही हैं। विधान सभा चुनाव में शानदार जीत के बाद बीजेपी निकाय चुनाव में भी उसे दोहराने का दावा कर रही है, तो समाजवादी पार्टी भी किसी कीमत पर बीजेपी को रोकने में कोई कोर-कसर नहीं थोड़ रही है। बात करें बसपा और कांग्रेस की तो वे भी निकाय चुनाव के सहारे यूपी में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटी हैं। दूसरी तरफ निकाय चुनाव से पहले नेताओं का पार्टी बदलने का दौर भी बदस्तूर जारी है। कुछ नेता अपनी पार्टी छोड़कर बीजेपी के रथ में सवार हो रहे हैं तो कुछ बीजेपी छोड़कर विपक्षी पार्टियों का दामन थाम रहे हैं। इसी क्रम में संदेश राजपूत ने बीजेपी को अलविदा कहते हुए अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी ज्वाइन की।
बीजेपी नेता सपा में शामिल
संदेश राजपूत ने बीजेपी छोड़कर अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सैफई के PWD गेस्ट हाउस में संदेश राजपूत अपने समर्थकों समेत समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। संदेश राजपूत फर्रूखाबाद के जोरा गांव के रहने वाले हैं। संदेश राजपूत की पत्नी ममता राजपूत भी सपा में शामिल हुई हैं। ममता राजपूत फर्रुखाबाद से जिला पंचायत सदस्य भी हैं। पति-पत्नी दोनों ही अब सपा के साथ हैं।
अभी और लोग होंगे शामिल
संदेश राजपूत के सपा में शामिल होने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोगों को भारतीय जनता पार्टी से कुछ हासिल नहीं हो रहा है। इसलिए अब वह अपनी जगह दूसरी तरफ ढूंढने में लग गए हैं। संदेश राजपूत को इसका सबसे ताजा और बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि अभी तो बहुत थोड़ा समय हुआ है बीजेपी को सरकार में आये हुए। अभी से लोग बीजेपी छोड़कर सपा की ओर आ रहे है और आगे भी आते रहेंगे।
सत्ता का दुरुपयोग
उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में सरकार और प्रशासन भाजपा को जिताने में लगा है, जबकि सपा अपने संगठन, पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के बल पर बेहतर प्रदर्शन करने में लगी है। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी को केवल बात नहीं जमीन पर काम करना चाहिए क्योंकि जनता ने भाजपा को चुना है। बीजेपी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन हम समाजवादी लोग लड़कर जीतना जानते हैं और निकाय चुनाव में सपा शानदार प्रदर्शन करेगी।
सपा राज में हुआ बेहतरीन काम
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जिन सड़कों को लेकर बीजेपी आज अपनी वाहवाही की बात कर रही है। उससे पहले समाजवादी सरकार में सबसे बेहतरीन एक्सप्रेस-वे और करीब 50 जिलों में सड़के बनाने का काम किया गया है। अखिलेश ने डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के इस आरोप पर कि सपा सरकार की गड्ढायुक्त सड़कों को योगी सरकार गड्ढामुक्त कर रही है, के जवाब में कहा कि सपा सरकार की एक्सप्रेस-वे बनाने की योजना की भाजपा बराबरी तक नहीं कर सकती है। जिले से जिले को जोड़ने के लिए फोरलेन सड़कों का काम सपा ने किया। सरकार की सबसे ज्यादा छवि तो नेशनल हाईवे ने खराब की है। इसके केंद्र जिम्मेदार है। केंद्र ने कभी भी मेंटीनेंस का पैसा नहीं दिया।
कानून सबके लिए बराबर
वहीं श्री श्री रविशंकर और सीएम योगी की मुलाकात को लेकर अखिलेश यादव ने हंसते हुए कहा कि वे दोनों बड़े स्वामी हैं। उन दोनों के बीच मे क्या बात हो रही है मुझे नहीं मालूम, लेकिन देश का संविधान सब मानते हैं। देश का कानून सबको मानना चाहिए। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट का जो फैसला आये। उसे सबको मानना चाहिए।
गुजरात में सत्ता परिवर्तन तय
इसके अलावा अखिलेश यादव ने दावा किया कि गुजरात चुनाव में सत्ता परिवर्तन तय है। यह परिवर्तन भाजपा की ताकत को कम करने के लिए पर्याप्त होगा। गुजरात पीएम मोदी का गृह राज्य है, अगर भाजपा सत्ता से बाहर होती है तो इसके लिए जीएसटी और नोटबंदी होगी। जिसे लोगों ने सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि सपा गुजरात में ज्यादा सीटों पर चुनाव नहीं लड़ रही हैं, लेकिन जहां है मुस्तैदी के साथ है। बाकी सीटों पर वे कांग्रेस को जिताने के लिए जनता से अपील करेंगे।