
Akhilesh Yadav Vote Deletion Form 7 Amausi Airport: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट में धांधली और नाम काटे जाने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। अमौसी एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा विपक्ष चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है, लेकिन आयोग की जगह बीजेपी बचाव में आगे आ रही है। उन्होंने बीजेपी से सीधा सवाल पूछा कि जब सवाल संवैधानिक संस्था से किए जा रहे हैं, तो सत्ताधारी दल को जवाब देने के लिए मैदान में कूदने की क्या जरूरत पड़ रही है?
सपा प्रमुख ने लखनऊ के बरगद के पेड़ के नीचे चल रहे विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां से जुड़ी तस्वीरें सामने आई हैं और कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन अभी भी जारी है। उन्होंने अमौसी एयरपोर्ट के पास स्थित सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां सपा कार्यकर्ताओं ने 'दशरथ' नामक व्यक्ति के नाम पर भरा गया फर्जी फॉर्म-7 रंगे हाथों पकड़ा था। अखिलेश ने कहा कि फॉर्म-7 का दुरुपयोग करके फर्जी तरीके से वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वोटर लिस्ट से जिन लोगों के नाम काटे गए हैं, वे ज्यादातर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) समाज से आते हैं। बीजेपी और प्रशासन की शह पर गरीबों और ग्रामीणों को छला जा रहा है। गांव-देहात में रहने वाले इन गरीब लोगों के पास न तो इतनी जानकारी होती है और न ही संसाधन, जिससे वे समय पर सही फॉर्म भर सकें या आवश्यक दस्तावेज जुटा सकें।
सपा अध्यक्ष ने निर्वाचन आयोग और संबंधित अधिकारियों से निष्पक्षता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को गरीबों और वंचित वर्ग के प्रति अधिक संवेदनशीलता और लचीलेपन के साथ काम करना चाहिए। किसी भी वैध नागरिक का वोट का अधिकार छीनना लोकतंत्र के साथ सरासर धोखा है और समाजवादी पार्टी इस अन्याय के खिलाफ अपनी लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रखेगी।