-कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दिए संकेत-ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा-कार्यकर्ताओं के सुझाव से लाएंगे मजबूती-उप्र में प्रियंका को मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने की भी उठी मांग,फैसला हाईकमान लेगा-2022 के विधान सभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस-उप्र में अकेले चुनाव लड़ेगी पार्टी, कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कवायद
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में कांग्रेस जी-जान से जुट गयी है। कांग्रेस अपने संगठन में बड़े बदलाव कर सकती है। यूपी कांग्रेस के सभी जिला और शहर अध्यक्षों को भी हटाया जा सकता है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में भी बड़े बदलाव के संकेत हैं। सूबे में नये प्रदेश अध्यक्ष की भी सुगबुगाहट शुरू हो गयी है। लेकिन संगठन में बदलाव की यह प्रक्रिया कार्यकर्ताओं से सलाह-मशविरा के बाद ही शुरू होगी। योजना है कि यूपी का चुनाव कांगेस महासचिव प्रियंका गांधी को बतौर सीएम प्रोजेक्ट करके लड़ेगी। लेकिन इस बारे में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान पर छोड़ा गया है। कांग्रेस पार्टी में आमूलचूल बदलाव का फैसला प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य की मैराथन बैठक के बाद लिया गया है।
प्रियंका ने 40 लोक सीटों का लिया जायजा
लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली में 40 लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इसमें पार्टी के खराब प्रदर्शन का ठीकरा पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं पर फोड़ा गया। कुछ कार्यकर्ताओं पर आरोप लगे कि उन्होंने दिल से काम नहीं किया। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि पार्टी ब्लॉक स्तर से बदलाव करेगी। निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर ऊर्जावान और युवाओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही लोकसभा चुनाव में मिली हार को भूलकर नए सिरे से पार्टी को ताकतवर बनाने में जुटने का आह्वान किया गया।
ज्योतिरादित्य ने 29 सीटों पर किया मंथन
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के साथ लखनऊ में 29 लोकसभा सीटों की समीक्षा की। उन्होंने भी 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए जमीनी मुद्दों और कार्यकर्ताओं के सुझाव लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। ज्योतिरादित्य ने लोकसभा क्षेत्रवार प्रत्याशी, संयोजक, जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारियों से हार के कारणों को जानने का प्रयास किया। ज्योतिरादित्य ने भी दोहराया कि कांग्रेस अब किसी से गठबंधन नहीं करेगी बल्कि अकेले चुनाव लड़ेगी।
समीक्षा बैठक के बिंदु
-12 सीटों के उपचुनाव में स्थानीय नेताओं को मिलेगी तरजीह। सभी सीटों पर प्रत्याशियों होगा चयन।