लखनऊ

UP News : निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही अखिलेश से मिलने पहुंचे आरिफ, आखिर क्यों?

UP News : उत्तर प्रदेश में रविवार को निकाय चुनाव का बिगुल बज गया। इसके बाद सारस से दोस्ती को लेकर चर्चा में आए अमेठी निवासी आरिफ ने सोमवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की है।
3 min read
Apr 10, 2023
Arif Meet Akhilesh Yadav

उत्तर प्रदेश में रविवार को निकाय चुनाव का बिगुल बज गया। इसके बाद सारस से दोस्ती को लेकर चर्चा में आए अमेठी निवासी आरिफ ने सोमवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर आरिफ से मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए एक शेर लिखा है।

अपने ट्विटर अकाउंट पर आरिफ से मुलाकात का फोटो शेयर करते हुए सपा मुखिया ने लिखा ‌"हुक्मरानों से है, परिंदों का बस यही कहना, आज़ाद कर दो, हमको पिंजरों में नहीं रहना"। इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं।

कहा जा रहा है कि आरिफ अमेठी से निकाय चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसीलिए उन्होंने सोमवार को अखिलेश यादव से मुलाकात की है। हालांकि आरिफ इसपर कुछ भी बोलने से मना कर रहे हैं।

लखनऊ में सोमवार को सपा मुखिया से मिलने पहुंचे अमेठी के आरिफ। IMAGE CREDIT:

सारस से दोस्ती को लेकर चर्चा में आए थे आरिफ
फरवरी के आखिरी सप्ताह में सारस से दोस्ती को लेकर आरिफ पहली बार चर्चा में आए थे। अमेठी के मंडखा निवासी आरिफ सोशल मीडिया पर तब चर्चा में आ गए, जब सारस पक्षी के साथ उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल होने लगे।

इसके बाद सोशल मीडिया और अखबारों में उनकी खबरें सुर्खियां बटोरने लगीं। प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की मीडिया तक उनका इंटरव्यू लिया गया। इसके बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेठी के मंडखा जाकर मो. आरिफ और उनके सारस से मुलाकात की थी।

अमेठी वनाधिकारी ने मांगी सारस को समसपुर पक्षी विहार में छोड़ने की अनुम‍त‍ि
इसी बीच प्रभागीय वनाधिकारी अमेठी डीएन सिंह ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक से सारस को उसके प्राकृतिक वास समसपुर पक्षी विहार में छोड़ने की अनुमति मांगी थी। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी की अनुमति मिलने के बाद सारस को वन टीम ने समसपुर पक्षी विहार में छोड़ दिया। इसके बाद आरिफ और सारस की खबरें सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं।

आरिफ और सारस के बिछड़ने पर अखिलेश यादव ने किए कई ट्वीट
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक के निर्देश पर सारस को समसपुर पक्षी विहार ले जाकर संरक्षित कर दिया। जिसके बाद आरिफ के समर्थन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि वन विभाग की टीम उत्तर प्रदेश के राजकीय पक्षी सारस को तो स्वतंत्र करने के नाम पर उसकी सेवा करने वाले से दूर ले गयी, देखना ये है कि राष्ट्रीय पक्षी मोर को दाना खिलाने वालों से स्वतंत्र करने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।

सोशल मीडिया पर भी लोग आरिफ के समर्थन में उतरे
आरिफ से सारस की बिछड़ने की खबर मंगलवार शाम तक हर तरफ फैल गई। आरिफ के तमाम फालोअर्स हो गए है जानकारी होते हो लोग वन विभाग पर टिप्पणी करने लगे। आरिफ ने अपने इंस्टाग्राम पर सारस को ले जाते हुए वीडियो में रोते नजर आए। जिसके बाद उनके फालोअर्स में काफी आक्रोश है। लोग वन विभाग को कोस रहे हैं।

Updated on:
10 Apr 2023 05:17 pm
Published on:
10 Apr 2023 05:09 pm