लखनऊ

BJP को मोदी के विकास और योगी के हिंदुत्व का सहारा, अमित शाह ने बनाई रणनीति

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मिशन यूपी 74 फहत का आगाज कर दिया। यूपी दौरे के पहले दिन शाह ने जहां विस्तारकों के साथ बैठक कर जीत का एजेंडा बनाया ।
3 min read
Jul 06, 2018
Amit Shah plan for 2019 Lok Sabha Election UP news
बीजोपी को मोदी के विकास और योगी के हिंदुत्व का सहारा, अमित शाह ने बनाई रणनीति

लखनऊ. तीन लोकसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मिशन यूपी 74 फहत का आगाज कर दिया। यूपी दौरे के पहले दिन शाह ने जहां मिर्जापुर में विस्तारकों के साथ बैठक कर जीत का एजेंडा बनाया, वहीं देर शाम बनारस में सोशल मीडिया के संयोजको को गुरूमंत्र देकर उन्हें रवाना कर अपना काफिला आगरा की तरफ मोड़ दिया। यहां पर पहले तीन प्रान्तों के विस्तारकों के साथ जमीनी हकीकत जानी, तो आईटी सेकल संयोजकों को अपने तरकस के तीर चला कर छा जाने का फरमान सुनाया। यूपी की दो दिवसीय यात्रा के बाद अमित शाह का एजेंडा पूरी तरह से साफ हो गया। जानकारी के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी की इसी माह से हर जिले में रैली होगी, जहां वह सिर्फ विकास की बात करेंगे। वहीं सीएम योगी अपनी भगवा क्षवि का प्रयोग कर सपा-बसपा की सोशल इंजीनियरिंग पर आक्रमण करेंगे। साथ ही डिप्टी दिनेश शर्मा योगी सरकार के कार्यो का गुणगान करेंगे तो वहीं केशव प्रसाद मौर्या संगठन की बागडोर संभालेंगे। बैठक के बाद जो बात निकल कर सामने आ रही है, उससे साफ है कि उत्तर प्रदेश की धरती पर जय श्रीराम का नारा लगना लगभग तय है। पूरा चुनाव हिन्दुत्व के इर्द-गिर्द ही लड़ा जाएगा।

137 विस्तारकों ने दिया फीडबैक

दो दिवसीय दौरे के दौरान अमित शाह ने छह प्रान्तों के 137 विस्तारकों के साथ बैठक कर चुनावी मंथन किया। विस्तारकों ने अपने-अपने क्षेत्र के मंत्री, सांसद और विधायकों का पूरा लेखा-जोखा पेश किया। सूत्रों के मुताबिक कानपुर-बुंदेलखंड से विस्तारक कौशल किशोर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को जो रिपोर्ट दी, उसमें 47 विधायकों में से 38 का काम अच्छा नहीं बताया गया। वहीं 9 में से सिर्फ दो सांसद विस्तारकों की कसौटी पर खरे उतरे। इसके साथ ही कुछ जिलों में संगठन में बैठे पदाधिकारी भी सरकारी मशीनरी के जरिए अपने घरों का विकास करा रहे हैं, जिसकी भी जानकारी अमित शाह को विस्तारकों ने दी। एक विस्तारक ने बताया कि लोकसभा टिकट उसी को दिया जाएगा, जिसके पास जमीन में वोट और टीम होगी, अन्यथा उनके टिकट कटनें तय हैं। अमित शाह ने विस्तारकों को आदेश दिया है कि चुनाव से पहले युवा और जनता से जुड़े नेताओं पर नजर रखें और अच्छा पर्फामेंस करने वालों के नाम प्रदेश कार्यालय भेंजे।

ली जानकारी, दिए आदेश

मिर्जापुर और आगरा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को कुछ विस्तारकों ने बूथों पर बीएलओ के मौजूद न रहने और कुछ जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं के जरिये मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में आने वाले गतिरोध की जानकारी दी। इस दौरान कुछ ने अपनी लिखित रिपोर्ट भी शाह को सौंपी। शाह ने अपने प्रवास के दौरान यह समझने में भी विशेष दिलचस्पी ली कि सांसदों का अपने क्षेत्र के लोगों से संपर्क और संवाद कैसा है। बताया जाता है कि कुछ का चुनाव क्षेत्र बदला जा सकता है। शाह ने सभी विस्तारकों को बूथों का वर्गीकरण करने का काम सौंपा। शाह ने कहा कि जिन बूथों पर अभी तक कमेटियां नहीं बन पाई हैं, वहां गठित कर ली जाएं। साथ ही बूथवार वोट बढ़ाने की संभावनाओं पर भी गौर किया जाए।

सीएम योगी सपा-बसपा की धार को करेंगे कमजोर

बैठक के दौरान भाजपा के एजेंडे में सीएम योगी पूरी तरह फिट बैठे। सभी विस्तारकों ने एक स्वर में कहा कि सपा-बसपा के जातिगत कार्ड को ध्वस्त करने के लिए सीएम योगी अहम कड़ी होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विस्तारकों से कहा कि जिलेवार सीएम योगी के दौरे की लिस्ट तैयार करवाएं। अगस्त के माह से सीएम का रथ यूपी के 75 जिलों के लिए निकलेगा। सीएम का पूरा फोकस हिन्दुत्व पर रहेगा। उनकी सभाओं में विकास के बजाए जय श्रीराम का नारा फिर लगाया जाएगा। इसके साथ ही योगी सरकार के मंत्रिमंडल में जल्द ही विस्तार होगा और नए चेहरों में हिन्दू क्षवि वाले विधायकों को मौका दिया जाएगा। सीएम के साथ यह टीम चुनाव प्रचार के दौरान त्रिपल तलाक, राम मंदिर, गंगा और गाय के मुद्दों के जरिए वोटर्स के दिलों में जगह बनाएंगे। दो दिवसीय बैठक के दौरान संघ के दो कद्दावर नेता भी अमित शाह के साथ मौजूद रहे। सीएम योगी की ज्यादातर रैलियां दलित बाहुल्य इलाकों में होंगी, जहां वह उन्हें एकजुट करने के लिए कड़वे शब्दों के प्रहार से गैर जाटव वोटर्स को कमल के साथ लाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएंगे।

सोशल मीडिया की अहमियत से कराया रूबरू

तीन प्रान्तों से आए सोशल मीडिया के संयोजकों को राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय और यूपी के प्रभारी संजय राय बैठक कर उन्हें जीत का मंत्र दिया। आईटी सेल के सदस्यों को बताया कि मोदी और योगी सरकार की योजनाओं की ज्यादा से ज्यादा जानकारी सोशल मीडिया के जरिए जनता तक पहुंचाएं। जिले के बीजेपी फेजबुक पेजों में युवाओं को ज्यादा से ज्यादा जोड़े। संजय राय ने आईटी सेल के सदस्यों को यूथ को जोड़ने के लिए टारगेट दिया है। साथ ही आईटी सेल के जिलेवार सदस्यों को 24 घंटे सक्रिय रहने के आदेश भी दिए गए हैं। आईटी सेल के जिला प्रमुखों से कहा गया है कि ऐसे मुद्दों को उठाएं जो जिले के लोगों के लिए अहम हों। उनके बारे में जानकारी जुटाकर सरकार के कार्यो को पोस्ट कर योजना की सीधी जानकारी लें। इसके अलावा तीन तलाक जैसे मुद्दों के जरिये मुस्लिम महिलाओं को भी पार्टी के पक्ष में लामबंद करने का मंत्र दिया गया। कई अभियानों और नेताओं के दौरों का खाका भी खींचा गया है। जल्द ही इसकी घोषणाएं हो जाएंगी।

Updated on:
06 Jul 2018 02:32 pm
Published on:
06 Jul 2018 12:16 pm