लखनऊ

आरिफ के सारस पर यूपी में हो रही राजनीति, जानिए BJP नेता ने अखिलेश को क्या कहा?

Saras-Arif : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव सारस की आड़ में आरिफ के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।

2 min read
Mar 27, 2023
arif sara Politics happening in UP Bhupendra Chaudhary said Akhilesh
बाएं से अखिलेश यादव बीच में आरिफ दाएं से भूपेंद्र चौधरी

यूपी में इन दिनों आरिफ और सारस सुर्खियों में हैं। इस पर राजनीति चर्चाएं भी हो रही है। सारस को लेकर अब समाजवादी पार्टी और भाजपा आमने-सामने हैं। यूपी प्रदेश अध्यक्ष ने सपा पर हमला बोला तो वहीं अखिलेश यादव ने BJP पर पलटवार किया। अमेठी के रहने वाले आरिफ और राजकीय पक्षी सारस के बिछड़ने के बाद राजनीति माहौल बना हुआ है।

आरिफ के नाम पर राजनीति कर रहे हैं अखिलेश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा, “सपा प्रमुख अखिलेश यादव सारस की आड़ में आरिफ के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। सारस को चिड़ियाघर में कैद नहीं, बल्कि संरक्षित किया गया है। सपा प्रमुख के लिए एक क्षेत्र विशेष ही सब कुछ है, लेकिन सीएम योगी के लिए पूरा प्रदेश ही परिवार है।”

भूपेंद्र चौधरी ने कहा, “सीएम योगी का पशु-पक्षियों से प्रेम प्रदेश की जनता से छिपा नहीं है। गाय और सारस का अंतर सपा प्रमुख को समझना होगा। जाकी रही भावना जैसी... सपा प्रमुख को छह साल में खुशहाल यूपी दिखता नहीं है। उन्हें पक्षी नहीं, पक्षी की आड़ में राजनीति की चिंता है।”

अखिलेश के कार्यकाल में पैदा हुए माफिया
उन्होंने कहा,“अखिलेश यादव अपने मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल की बदहाली पर चर्चा नहीं करते, वो अपने कार्यकाल में पैदा हुए माफिया की बात नहीं करते हैं। उन्हें अपने राज में हुए उपद्रव से चिढ़ नहीं है, लेकिन भाजपा राज में दीपोत्सव, रंगोत्सव, देव दीवाली के प्रति आस्था और जुड़ता जनमानस उनसे देखते नहीं बन रहा है।”

भूपेंद्र चौधरी ने आगे कहा, “अखिलेश यादव ने कांग्रेस को पहले भी साइकिल पर बिठाया था, लेकिन जनता ने उसे पंक्चर कर दिया था। भाजपा के खिलाफ सपा-बसपा, सपा-कांग्रेस मिलकर चुनाव में साथ खड़े हुए थे, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। जनता उन्हें पहले भी हरा चुकी है, आगे भी हराएगी।”

भाजपा ने किया सबका साथ-सबका विकास
भूपेंद्र चौधरी ने कहा,“यह लोग गठबंधन भी सिर्फ लाभ देखकर ही करते हैं, जबकि भाजपा सरकार में किया गया विकास ही 25 करोड़ यूपी वालों का विश्वास है। भाजपा ने सबका साथ-सबका विकास किया। सपा प्रमुख के मन में विकास नहीं, सत्ता की लोलुपता है।”

Published on:
27 Mar 2023 03:41 pm