
यूपी एसटीएफ ने गुरुवार को झांसी में मुठभेड़ के दौरान अतीक अहमद के बेटे असद और गुलाम का एनकाउंटर में ढेर कर दिया। असद और उसके साथी उमेश पाल हत्याकांड मामले में फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जगह जगह पर दबिश दे रही थी।
असद और गुलाम के एनकाउंटर के बाद यूपी एसटीएफ ने मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अतीक अहमद का बेटा असद और मकसूदन का बेटा गुलाम प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड में वॉन्टेड थे। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था। पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। इस बीच झांसी में हुए एनकाउंटर में दोनों की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव से पहले जयंत को झटका, आरएलडी अब नहीं रही राज्यस्तरीय पार्टी, जानिए कैसे मिलता है ये दर्जा
कैसे मिली पुलिस को दोनों लोकेशन?
सूत्रों के अनुसार असद अहमद प्रयागराज में उमेशपाल की हत्या को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। असद कानपुर के रास्ते दिल्ली पहुंचा। 27 फरवरी से 14 मार्च तक असद दिल्ली के संगम विहार में बदमाश खालिद के घर में रहा था। खालिद अतीक अहमद का खास आदमी है। इसी जगह पर 29 मार्च को यूपी एसटीएफ ने छापा मारा था लेकिन असद को पहले ही पता चल गया था कि यहां पर रेड होने वाली है। इससे 5 मिनट पहले ही असद वहां से फरार हो गया।
एसटीएफ ने अतीक के खास आदमी खालिद से पूछताछ की। असद अहमद को लॉजिस्टिक सपोर्ट करने वाले बदमाश खालिद की गिरफ्तारी उसके अगले दिन की गई थी। जिसके बाद स्पेशल सेल ने कई सारे इनपुट यूपी एसटीएफ को साझा किए थे।
अजमेर से झांसी पहुंचा असद और गुलाम
बताया जा रहा है कि असद अपने साथी के साथ दिल्ली से राजस्थान के अजमेर चला गया। यूपी एसटीएफ ने असद के सारे इनपुट को तलाश रही थी। इसी बीच जब अतीक अहमद को गुजरात से प्रयागराज लाया जा रहा था तो असद भी मौके के फायदा उठाते हुए झांसी पहुंच गया।
झांसी में अतीक अहमद के पुराने करीबी ने असद और मोहम्मद गुलाम को पनाह दी। पुलिस ने पिछले दिनों झांसी से 2 मददगारों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ की थी। अतीक के गुजरात से प्रयागराज आते वक्त झांसी में कई करीबी पुलिस काफिले के पीछे चल रहे थे।
बताया जा रहा है गुरुवार दोपहर असद अपने दोस्त गुलाम के साथ बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर गया था। इसी बीच यूपी एसटीएफ को असद और गुलाम के लोकेशन के बारे में पता चलता है। एसटीएफ की टीम ने असद और गुलाम को पकड़ने के लिए पीछा करने लगी।
झांसी के पारीछा डैम के पास बड़ा गांव और चिरगांव थाना क्षेत्र के बीच में यूपी एसटीएफ की टीम ने असद और गुलाम को घेर लिया। पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को सरेंडर करने को कहने लगी। दोनों ने खुद को सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर फायर करना शुरु कर दिया। पुलिस ने जवाबी कारवाई में असद और गुलाम को मुठभेड़ में मार गिराया।
एनकाउंटर में ये अफसर थे शामिल
डिप्टी एसपी नवेंदु और डिप्टी एसपी विमल के नेतृत्व में यूपी एसटीएफ की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। नवेंदु कुमार, डिप्टी एसपी विमल कुमार के अलावा एनकाउंटर करने वाली टीम में डिप्टी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, निरीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार राय, उप निरीक्षक विनय तिवारी, मुख्य आरक्षक पंकज तिवारी, सोनू यादव, सुशील कुमार, भूपेंद्र सिंह, कमांडो अरविंद कुमार, कमांडो दिलीप कुमार यादव शामिल थे।
पुलिस को असद के पास मिले विदेशी हथियार
यूपी एसटीएफ एडीजी अमिताभ यश ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि असद और गुलाम के पास से अत्याधुनिक विदेशी हथियार, ब्रिटिश बुलडॉग रिवॉल्वर 455 बोर, वाल्थर पी 88 पिस्टल 7.63 बोर बरामद की गई है। एक बाइक भी दोनों के पास मिली है।
मामला क्या था?
गौरतलब है कि 24 फरवरी को प्रयागराज में दिनदहाड़े राजूपाल हत्याकांड में गवाह उमेश पाल की हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल अपने घर के बाहर ही गाड़ी से उतर रहे थे तभी शूटरों ने फायरिंग कर दी औऱ बम फेंके। इस हमले में उमेश पाल और दो गनर्स की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें: UP News: अलीगढ़ में घर-घर गैंस सिलेंडर पहुंचाने वाले के बेटे हैं रिंकू, 5 बॉल पर छक्के जड़ बन गए IPL के हीरो