
Akhilesh and Shivpal Singh Statements: विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी पार्टियों में तैयारी शुरू हो गई है समाजवादी पार्टी के अंदर भी तैयारी चल रही है। बीते दिनों इटावा पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने प्रत्याशियों के चयन को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कई प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए हैं। इसके उल्टे सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के नाम को फाइनल करने के पहले सर्वे कराया जाएगा। जीतने वाले प्रत्याशियों को भी टिकट दिया जाएगा। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी सावधान रहने के लिए कहा है। बोले वोट चोरी करने की भी कोशिश हो सकती है। अखिलेश यादव बीते रविवार को सपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक में बोल रहे थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी बिना सर्वे के प्रत्याशी की घोषणा नहीं करेगी। जीतने वाले प्रत्याशियों को ही चुनाव में खड़ा किया जाएगा। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता से संपर्क करें। बीजेपी बेईमानी, वोट चोरी करने की कोशिश कर सकती है। सावधान रहने की जरूरत है। भाजपा के षडयंत्रों पर नजर रखें। कार्यकर्ताओं को वोट बनवाने, वोट बढ़ाने और वोट डलवाने से लेकर गिनती तक सजग रहना पड़ेगा। तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा।
अखिलेश यादव बुलंदशहर और हापुड़ से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान, नौजवान, महिलाएं, व्यापारी सभी परेशान है। पीडीए समाज को लगातार अपमान किया जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बीजेपी को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने को तैयार है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की कोई चल नहीं चलेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान महंगाई, भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगा है। थाना और तहसीलों में वसूली चल रही है। नौजवानों के लिए नौकरी भी नहीं रह गई है। प्रदेश में पूंजी निवेश नहीं आ रहा है। बड़े-बड़े वादे हवा हवाई बनकर रह गए। कानून व्यवस्था की स्थिति को देखकर बड़ा उद्योगपति उद्योग लगाने को तैयार नहीं है। इस मौके पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।