
UP Politics: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद अवधेश प्रसाद ने आगामी चुनावों और इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि पूरे देश में केवल समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव ही भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा सकते हैं।
इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे के सवाल पर सपा सांसद ने पूरी तरह से स्थिति साफ कर दी। अवधेश प्रसाद ने कहा कि हमारी तरफ से सीट बंटवारे को लेकर किसी भी तरह की कोई दिक्कत या बेचैनी नहीं है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अगर आज किसी को सबसे ज्यादा बेचैनी है तो वह भारतीय जनता पार्टी और बाबा योगी को है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन आज भी एक चट्टान की तरह मजबूती से खड़ा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सीट बंटवारे का अंतिम फैसला लेने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं।
अवधेश प्रसाद ने अपनी पार्टी की ताकत का जिक्र करते हुए एक बहुत बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा राजनीति में यह बात पूरी तरह से स्पष्ट हो चुकी है कि अगर कोई एक पार्टी भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से दूर रखने का माद्दा रखती है तो वह सिर्फ और सिर्फ समाजवादी पार्टी है। सांसद ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि अखिलेश यादव ही एकमात्र ऐसे नेता हैं जो भाजपा को हरा सकते हैं। उनके अलावा पूरे भारत में कोई और ऐसा दल या नेता नहीं बचा है जो भारतीय जनता पार्टी को चुनावी मैदान में मात दे सके।
बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले श्रावस्ती में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने SP के साथ गठबंधन की पेशकश की। ओवैसी ने कहा कि अगर BJP को उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकना है तो उनकी पार्टी SP के साथ गठबंधन या समझौता करने को तैयार है। ओवैसी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्ताव स्वीकार नहीं होने पर AIMIM अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी। ओवैसी ने कहा कि मैंने कई बार कहा है, और आज फिर कह रहा हूं। अगर वे भाजपा को रोकना चाहते हैं, तो ओवैसी गठबंधन बनाने, समझौता करने के लिए तैयार हैं, ताकि बाबा यहां तीसरी बार मुख्यमंत्री न बन सकें।
असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन की पार्टियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि चाहे उत्तर प्रदेश के मुसलमान हों या भारत के 20 करोड़ मुसलमान, हम आपकी निजी संपत्ति नहीं हैं, अगर आप हमें केवल संपत्ति समझते हैं, तो आगामी विधानसभा चुनाव आपको सबक सिखाएगा।