लखनऊ

Azam Khan: ओवैसी-चंद्रशेखर के नए मोर्चे पर आजम खान का तंज, बोले- दो-चार उम्मीदवारों को हराना ही इनका मकसद

Azam Khan Latest News: सपा नेता आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि इस मोर्चे का मकसद सिर्फ दो-चार उम्मीदवारों को हराना है।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 2:25 PM IST
UP Politics
आजम खान ने ओवैसी-चंद्रशेखर के मोर्चे पर कसा तंज। (फोटो सोर्स-IANS)

UP Politics: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज होने लगी है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस मोर्चे का मकसद सिर्फ दो-चार उम्मीदवारों को हराना है। आजम ने यह भी कहा कि उन्होंने इस मोर्चे को ज्यादा चर्चा में लाने से बचने की कोशिश की है।

'लोग हिंदू-मुस्लिम झगड़े से परेशान'

लखनऊ में सपा के घोषणा पत्र जारी करने के कार्यक्रम के दौरान आजम खान ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि लोग बहुत परेशान हैं और हिंदू-मुस्लिम झगड़ों से तंग आ चुके हैं। आजम के मुताबिक, नेता चाहे जितने बड़े दावे कर लें, लेकिन सच्चाई लोगों के दिलों तक पहुंच चुकी है। उनके इस बयान में चुनाव से पहले जनता की नाराजगी और मौजूदा माहौल को लेकर उनकी बात सामने आई।

ओवैसी और चंद्रशेखर के मोर्चे पर निशाना

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। इस गठजोड़ को लेकर सवाल पूछे जाने पर आजम खान ने कहा कि इसका मकसद दो-चार उम्मीदवारों को हरवाना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यही उनकी हैसियत है। आजम का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों नेता लखनऊ में संयुक्त रैली कर रहे हैं।

घोषणा पत्र पर क्या बोले आजम?

सपा के घोषणा पत्र को लेकर आजम खान ने कहा कि उन्होंने अभी इसे देखा नहीं है। इसे देखने के बाद ही वह अपनी राय देंगे। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि घोषणा पत्र समाज के भले के लिए होगा।

अगर इसमें कोई कमी रह जाती है तो उसे बाद में सुधारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार बननी चाहिए और दमनकारी शासन खत्म होना चाहिए।

जेल के दिनों को याद कर कही यह बात

आजम खान ने जेल में बिताए दिनों का जिक्र करते हुए विरोधियों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब वे जेल में थे और कमजोर पड़ गए थे, तब कुछ लोगों ने इसका फायदा उठाने की कोशिश की। आजम ने इसे गंगा सूखने पर गीदड़ों के नदी पार करने से जोड़ते हुए कहा कि अब गंगा फिर बहने लगी है।

इस दौरान प्रधानमंत्री बनाए जाने के सवाल पर भी उन्होंने चुटकी ली। आजम ने कहा कि उनके नाम के आगे सिर्फ 'वजीर' जोड़ने की जरूरत है, क्योंकि वह पहले से ही आजम हैं।

Updated on:
26 Nov 2026, 2:25 PM IST
Published on: