
Baba Ramdev Statement on Ayodhya Deepotsav: रामनगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव के आयोजन के बाद योग गुरु बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की है। उन्होंने सरयू नदी के किनारे 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीप जलाए जाने को सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताया। बाबा रामदेव ने कहा कि उत्तर प्रदेश को दीपों से रोशन करने वाला यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विकास, निर्भीकता और सामाजिक समरसता के नए मानक स्थापित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ गुलामी के प्रतीकों को मिटाकर देश के स्वाभिमान, शौर्य और साहस को आगे बढ़ा रहे हैं।
अयोध्या दीपोत्सव पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीपों से रोशनी होना सभी के लिए बेहद प्रेरणादायक है। यह आयोजन सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक पहचान को पूरी दुनिया के सामने दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव केवल दीप जलाने का आयोजन नहीं है बल्कि, यह हमारी आस्था परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा एक बड़ा उत्सव भी है। अयोध्या में इतने बड़े स्तर पर दीप जलाना सनातन संस्कृति के गौरव को सामने लाता है।
बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उनका काम केवल प्रदेश के विकास तक ही सीमित नहीं है बल्कि, वह सनातन धर्म नाथ परंपरा और सिद्ध परंपरा का गौरव भी लगातार बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सनातन धर्म के लिए एक गौरव का विषय हैं। बाबा रामदेव ने कहा कि दीपावली के इस अवसर पर वह मुख्यमंत्री के प्रयासों और परिश्रम को नमन करते हैं।
बता दें कि अयोध्या में भव्य दीपोत्सव मनाने की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। इसके बाद हर साल इस आयोजन का लगातार विस्तार ही हुआ है। इस बार 7 नवंबर को दीपोत्सव का दसवां संस्करण बहुत धूमधाम से मनाया गया। सरयू नदी के किनारे राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीप जलाए गए। इस बड़े आयोजन में करीब 35 हजार स्वयंसेवकों ने दीप सजाने और जलाने में अपना योगदान दिया। 2100 ड्रोन के जरिए आसमान में रामायण के प्रसंगों को भी दिखाया गया जो काफी आकर्षण का केंद्र रहा।