लखनऊ

पद्मावती, लव जिहाद और अयोध्या जैसे मसलों को धार देगा बजरंग दल, 51 लाख युवाओं की होगी भर्ती

बजरंग दल का विशेष भर्ती अभियान 19 नवंबर से 6 दिसंबर के बीच पूरे देश में संचालित होना है।

2 min read
Nov 25, 2017

लखनऊ. पद्मावती, लव जिहाद, अयोध्या मंदिर जैसे विषयों पर युवाओं संगठित करने और संगठन को मजबूत करने के मकसद से बजरंग दल ने विशेष भर्ती अभियान शुरुआत की है। बजरंग दल का यह विशेष भर्ती अभियान 19 नवंबर से 6 दिसंबर के बीच पूरे देश में संचालित होना है। बजरंग दल के अलग-अलग प्रान्त संगठन इस विशेष भर्ती अभियान के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने की मुहिम शुरू कर चुके हैं। गोरक्षप्रांत, कानपुर प्रान्त सहित उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में युवाओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में बजरंग दल के भर्ती अभियान से जुड़े पोस्टरों में बताया गया है कि बाबरी ढांचे के ढहने की 25वीं वर्षगांठ तक यह भर्ती अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुओं के मान-सम्मान को बनाया मुद्दा

भर्ती से जुड़े पोस्टर्स में युवाओं को कई बिंदुओं से आकर्षित करने की कोशिश की गई है। भर्ती के लिए लक्षित युवाओं के लिए जो सन्देश दिए हैं हैं उनमें - देश की अखंडता, मठ मंदिरों की सुरक्षा, गौ माता की रक्षा, सेना के सम्मान, लव जिहाद, युवाओं में राष्ट्रभक्ति का प्रचार, देश को फिर से विश्व गुरु बनाने और हिन्दू मान बिंदुओं की रक्षा को मुख्य लक्ष्य बताये गए हैं। अभियान के पोस्टर में लिखा गया है कि देश भर में भव्य आयोजनों के साथ अभियान का समापन होगा। युवाओं के लिए जारी अपील में कहा गया है - बजरंग दल में भर्ती होकर राष्ट्र निर्माण के यज्ञ में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त करें।

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शुरू हुआ भर्ती अभियान

बजरंग दल के कानपुर प्रान्त के सह संयोजक रामजी तिवारी बताते हैं कि पूरे देश में 51 लाख युवाओं की भर्ती के लक्ष्य के साथ यह अभियान शुरू किया गया है। हिन्दू मान-सम्मान से जुड़े सभी विषय हमारे विषय हैं। हिन्दू धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, हिन्दुओं के मान-सम्मान जैसे विषय प्रमुख रूप से युवाओं के बीच रखे जायेंगे और इन विषयों से युवाओं को जोड़ने की कोशिश होगी। बजरंग दल हर तीन वर्ष बाद इस तरह की खुली भर्ती का आयोजन करता है और उसी कड़ी में इस बार यह अभियान शुरू किया गया है।

Updated on:
25 Nov 2017 03:57 pm
Published on:
25 Nov 2017 03:39 pm
Also Read
View All