
UP Bypolls 2024: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा, “अपना दल का एक-एक कार्यकर्ता एनडीए के प्रत्याशी को उपचुनाव में जीत दर्ज कराने में मदद करेगा। हम जमीन पर उतरकर जनता के बीच जाएंगे, उनसे संवाद स्थापित करेंगे और सरकार की उपलब्धियों से जनता को अवगत कराएंगे।”
समाजवादी पार्टी द्वारा जीत के दावे पर उन्होंने कहा, “जीत का दावा हर राजनीतिक दल करता है। कोई भी जीत का दावा कर सकता है। हमें इससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि एनडीए के सभी प्रत्याशी इस उपचुनाव में जीत का झंडा बुलंद करने में सफल रहेंगे। इसमें कोई दो मत नहीं है।”
निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को 15 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। उत्तर प्रदेश में कुल नौ सीटों पर उपुचनाव होने जा रहे हैं। वैसे तो राज्य की कुल 10 विधानसभा सीटें खाली हैं, लेकिन मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर अभी तक चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है, जिसे देखते हुए अभी नौ सीटों पर ही चुनाव होंगे।
मिल्कीपुर का मामला हाईकोर्ट में लंबित होने के चलते वहां उपचुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है। मिल्कीपुर विधानसभा में दूसरे स्थान पर रहे प्रत्याशी ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए अदालत में याचिका दाखिल कर खुद को निर्वाचित घोषित करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि मिल्कीपुर के अलावा बंगाल के बशीरहाट लोकसभा सीट पर भी चुनाव आयोग ने उपचुनाव की तारीख का ऐलान नहीं किया है।