भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ से पूर्व शहीदों को याद किया

देश की अखण्डता को बचाने के लिए सभी एकजुट हो, महंत देव्या गिरि ने युवाओं को आगे आने को कहा
2 min read
• •
Updated: 8 Aug 2017, 8:35 PM IST
Feature image

लखनऊ, देश की अखण्डता को बचाने के लिए सभी वर्ग और समुदाय को एकजुट होना होगा। किसी भी आंदोलन में युवाओं की भूमिका बहुत ही अहम होती है। युवाओं को किसी नेतृत्व की जरूरत नहीं है। जिस तरह से भारत छोड़ो आंदोलन में वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने खुद ही आंदोलन का नेतृत्व करना शुरू कर दिया था। वह देश को अंग्रेजों से मुक्त कराने के लिए सड़क पर उतरकर मरने-मारने को तैयार थे। उसी तरह से आज के युवाओं को देश को बचाने के लिए खुद नेतृत्व करना होगा। वह चीनी सामान का बहिष्कार हो या फिर पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देना हो। यह बात मंगलवार को मनकामेश्वर मठ मंदिर की महंत देव्या गिरि महाराज ने कही।

कैसरबाग स्थित गांधी भवन में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रृद्धांजलि देते हुए महंत देव्या गिरि ने कहा कि अमूमन लोग नौ अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत मानते हैं। पर, बहुत कम लोगों को यह पता है कि ये आंदोलन आठ अगस्त 1942 से आरंभ हुआ था। दरअसल आठ अगस्त, 1942 को बंबई के गोवालिया टैंक मैदान पर अखिल भारतीय कांग्रेस महासमिति ने वह प्रस्ताव पारित किया था, जिसे भारत छोड़ो प्रस्ताव कहा गया।

इसके बाद से ही ये आंदोलन व्यापक स्तर पर आरंभ किया गया। महात्मा गांधी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह आंदोलन सोची-समझी रणनीति का हिस्सा था। इस आंदोलन की खास बात यह थी कि इसमें पूरा देश शामिल हुआ।

महंत ने बताया कि इस आंदोलन के शुरू होते ही महात्मा गांधी, नेहरू, पटेल, आजाद समेत कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसकी के बाद लोगों ने अंग्रेजों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए खुद के हाथ में नेतृत्व ले लिया था।

महंत ने देश के युवाओं से कहा कि भारत को बचाने के लिए अब कुछ ऐसा ही करना होगा। हमारे देश के जवान आए दिन सीमा की रक्षा के लिए शहीद हो रहे हैं।भारत को चीन, पाकिस्तान जैसे तमाम देशों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए ठोस आंदोलनात्मक पहल करनी होगी।

Published on: