लखनऊ

बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी सौगात, अब बिल बकाया होने पर नहीं कटेगा कनेक्‍शन, योगी सरकार लाई शानदार योजना

उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक राहत की खबर सामने आई है। अगर आप अपने बिजली बिल का पूरा भुगतान नहीं कर पा रहे हैं तो अब आप उसका आंशिक भुगतान करके भी बिजली का कनेक्शन फिर से ले सकते हैं।
less than 1 minute read
• •
Updated: 8 Nov 2024, 5:48 PM IST
electricity meter

अगर किसी बिजली उपभोक्ता का कनेक्शन पहले बकाया बिल के कारण काटा जा चुका है तो वह महज 25 प्रतिशत बकाया राशि जमा करके अपना कनेक्शन फिर से जुड़वा सकता है। यह कदम उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन (यूपीपीसीएल) की तरफ से लिया गया है।

यूपीपीसीएल ने जारी किए नए दिशा-निर्देश

यूपीपीसीएल ने इस संबंध में नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं जिनमें विभिन्न उपभोक्ताओं की श्रेणियों के लिए आंशिक भुगतान की शर्तें तय की गई हैं। उदाहरण के तौर पर कम बिजली खपत करने वाले लाइफलाइन उपभोक्ताओं को अपनी बकाया राशि का 10 प्रतिशत या 250 रुपये, जो भी अधिक हो, जमा करने पर कनेक्शन फिर से चालू कर दिया जाएगा।

 25 प्रतिशत बकाया जमाकर चालू हो जाएगा कनेक्शन

इसके अलावा अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को 25 प्रतिशत या कम से कम 1000 रुपये का भुगतान करके अपनी बिजली की आपूर्ति फिर से शुरू करवा सकते हैं। इस नीति का फायदा उन उपभोक्ताओं को भी मिलेगा जिनका कनेक्शन पहले बिल न भरने के कारण काटा गया था। ऐसे उपभोक्ता अब 25 प्रतिशत बकाया राशि जमा कर अपना कनेक्शन फिर से जुड़वा सकते हैं।

बिजली उपभोक्ताओं को होगी सहूलियत

यह भुगतान उपभोक्ता बिजली विभाग के काउंटर पर जाकर, ऑनलाइन माध्यम से या किसी अन्य बिल कलेक्शन एजेंसी के माध्यम से कर सकते हैं। आंशिक भुगतान के बाद उपभोक्ता को एक रसीद दी जाएगी, जिसमें जमा की गई राशि और बकाया राशि का विवरण होगा। हालांकि यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगर भविष्य में उपभोक्ता ने अपनी पूरी राशि नहीं जमा की तो विभाग को कनेक्शन काटने का अधिकार प्राप्त रहेगा।

Updated on:
8 Nov 2024, 5:48 PM IST
Published on: