बुलंदशहर हिंसा (Bulandshahr) में आरोपी शिखर अग्रवाल (Shikhar Agarwal) को भाजपा (BJP) के एक संगठन में पद दिए जाने से नाराज शहीद पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की पत्नी ने कहा है कि सरकार ऐसा कर इससे दूसरा विकास दुबे (Vikas Dubey) पैदा करेगी।
लखनऊ. बुलंदशहर हिंसा (Bulandhshahr) में आरोपी शिखर अग्रवाल (Shikhar Agarwal) को भाजपा (BJP) के एक संगठन में पद दिए जाने से नाराज शहीद पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की पत्नी ने कहा है कि सरकार ऐसा कर इससे दूसरा विकास दुबे (Vikas Dubey) पैदा करेगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके वीडियो को शेयर करते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। गोकशी को लेकर बुलंदशहर में हुई हिंसा में भीड़ को शांत कराने गए सुबोध कुमार की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मामले में अभियुक्त बीजेपी युवा मोर्चा के नेता शिखर अग्रवाल को एक संगठन में महासचिव का पद दिया गया है।
भाजपा को पता नहीं कार्यकारिणी में क्या होता है- रजनी सिंह
शहीद पुलिस इंस्पेक्टर की पत्नी रजनी सिंह ने वीडियो में कहा है कि वह इससे काफी दुखी हैं। रजनी सिंह ने कहा कि मेरा सरकार से सवाल है कि वह अपराधियों को बढ़ावा देकर क्या दूसरा विकास दुबे पैैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। या इनको हकीकत में नहीं पता होता कि जिलास्तर पर इनकी कार्यकारिणी में क्या होता है। उन्होंने कहा कि कहावत है न कि सौ खून माफ है, आप भाजपा का टिकट ले लीजिए।
प्रियंका गांधी ने कहा- अपराधियों का मनोबल और बढ़ेगा
प्रियंका गांधी वाड्रा ने इनका वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यूपी पुलिस में अपनी सेवाएं देते हुए शहीद हुए सुबोध सिंह जी की पत्नी का बयान सुनिए। खबरों के अनुसार उनकी हत्या के आरोपी को आज भाजपा ने अपना पदाधिकारी बना दिया। उनकी पत्नी का सवाल एकदम जायज है। इस तरह से अपराधियों का मनोबल और बढ़ेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया आरोपी से किनारा-
आरोपी शिखर अग्रवाल को प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी योजना जागरुकता अभियान का जिला महामंत्री बनाया गया है। जिलाध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने एक कार्यक्रम के दौरान शिखर को जिला महामंत्री बनाया था। इस कार्यक्रम में बीजेपी जिलाध्यक्ष ने अग्रवाल को अपने हाथों से मनोनयन पत्र सौंपा है। इसकी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। इसके वायरल होने के बाद अनिल सिसोदिया ने संगठन और आरोपी से कोई भी संबंध होने से साफ इनकार कर दिया।