
लखनऊ. लोकसभा चुनाव से पहले जहां सपा और बसपा ने गठबंधन कर भाजपा को चित करने के लिए जमीन पर काम शुरू कर दिया है, तो कांग्रेस ने भी अब चिट्ठी पॉलिटिक्स शुरू कर दी है। जबकि सत्ताधारी दल बीजेपी भी एक्शन में आ गई है और यूपी के छह प्रान्तों के संगठन में अपने तजे-तर्रार नेताओं की फौज की नियुक्ति कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने सूबे में क्षेत्रीय संगठन मंत्रियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। छह प्रान्तों में इन्हीं के जरिए भाजपा प्रदेश में कमल खिलाने की तैयारी में है।
2014 की तरह लड़ेंगे चुनाव
विरोधी दलों के चक्रव्यूह में न फंसते हुए उन्हें फंसाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन में बड़ा फेर बदल किया है। लोकसभा 2014 और विधानसभा चुनाव 2017 की तरह प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने रत्नाकर को काशी के साथ ही गोरखपुर की जिम्मेदारी दी है। अब रत्नाकर दोनों जगह संगठन के मंत्री के तौर पर काम करेंगे। वहीं प्रद्युम्न को यूपी के प्रकोष्ट प्रभारी पद से हटाकर अवध क्षेत्र का संगठन मंत्री बनाया गया है। यह राजधानी में रहकर भाजपा की जीत के लिए रणनीति बनाएंगे।
कानपुर-बुंदेलखंड की इन्हें मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने अपने मजबूत गढ़ कानपुर-बुंदेलखंड को बचाने के लिए भवानी सिंह को संगठन मंत्री बनाया है। भवानी सिंह बृज की जिम्मेदारी संभालेंगे। इनका मुख्यालय आगरा होगा। कानपुर बुंदेलखंड के क्षत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने बताया कि भावानी सिंह के आने से भाजपा यहां की 11 में 11 सीटों में जीत दर्ज करेगी। अभी दस क्षेत्र में भाजपा के पास 10 सीटें हैं। साथ ही 52 में से 47 विधानसभा सीटों पर कमल की जीत हुई है। भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पहली बार कानपुर-बुंदेलखंड की धरती से बसपा का पूरी तरह से सफाया कर दिया था। यहां से एक भी बसपा का प्रत्याशी चुनाव नहीं जीता।
जीत के लिए बनाएंगे रणनीति
भाजपा ने शिव कुमार पाठक संगठन मंत्री गोरखपुर, ओमप्रकाश संगठन मंत्री कानपुर, बृज बहादुर संगठन मंत्री अवध क्षेत्र को अपनी फौज के साथ जमीन पर उतर जाने का आदेश दे दिया है। बूथ के साथ-साथ विस्तारकों के साथ तीनों नेता बैठक करेंगे। विधानसभावार पार्टी की बैठक कर वहां के जमीनी हालातों की इनके साथ चर्चा करेंगे। लोकसभा चुनाव के वक्त इन्हीं की रिपोर्ट के अनुसार दावेदारों को टिकट भी दिया जाएगा। संगठन मंत्री ओमप्रकाश ने बताया कि पीएम मोदी के विजयी रथ को कोई नहीं रोक पाएगा। यूपी में भाजपा की सीटें बढ़ेंगी।
सम्पर्क फॉर समर्थन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने नरेन्द्र मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर शुरू किये गए कार्यक्रम सम्पर्क फॉर समर्थन कार्यक्रम का भी आगाज किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पदाधिकारियों से कहा कि वह मोदी सरकार के चार सालों के कार्यों के बारे में लोगों को घर-घर जाकर जानकारी दें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा और बसपा का गठबंधन बेमेल है और जनता इन्हें सबक सिखा देगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षियों के चलते प्रदेश गर्त में चला गया था, जिसे सीएम योगी दुरूस्त कर रहे हैं। पूरा साल भ्रष्ट सिस्सम को ठीक करने में लग गया।