लखनऊ

मिशन 2019 के लिए किसानों के बीच पहुंचने का बीजेपी ने शुरू किया प्लान

भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव से पहले किसानों को लुभाने की रणनीति तैयार करने में जुटी है।
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2018, 2:08 PM IST
mp assembly election 2018
mp assembly election 2018

लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव से पहले किसानों को लुभाने की रणनीति तैयार करने में जुटी है। उत्तर प्रदेश भारतीय किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकरियों के साथ बैठक कर भाजपा सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को लेकर लोगों के बीच ले जाने की रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

20 जुलाई से शुरू होंगे सम्मेलन

सुनील बंसल ने कहा कि खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि का संदेश लेकर किसान मोर्चा किसानों के बीच पहुंचेगा। बंसल ने पदाधिकारियों से 20 जुलाई तक सभी ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में किसान सम्मेलन करके लागत मूल्य से डेढ़ गुना एमएसपी तथा केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा किसान हित में लिए गए निर्णयों की जानकारी किसानों तक लेकर पहुंचने की तैयारी करने को कहा।

किसान मोर्चों का होगा गठन

बंसल ने बैठक में किसान मोर्चा का गठन क्षेत्र, जिला, मण्डल स्तर तक जल्द करने के भी निर्देश दिए। बंसल ने किसान मोर्चा पदाधिकारियों से कहा कि भाजपा किसान कल्याण के लिए संकल्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद सँभालते ही किसानों की आय दोगुनी करने का संकल्प लिया था। उन्होंने विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं के साथ किसानों के जीवन में खुशहाली लाने का काम किया। किसान कल्याण के क्षेत्र में एमएसपी बढ़ाने का निर्णय गांव, गरीब और किसान के जीवन स्तर को ऊपर उठाने में मददगार होगा।

एमएसपी वृद्धि को माइलस्टोन मान रही है भाजपा

बंसल ने कहा कि आजादी के बाद से अब तक किसान कल्याण के क्षेत्र में मोदी सरकार का यह माइलस्टोन है। मोदी सरकार और योगी सरकार की किसान हित की योजनाओं और एमएसपी वृद्धि से किसानों की खुशहाली का पैगाम लेकर भाजपा किसानों के बीच पहुंचेंगी। बैठक की अध्यक्षता भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी राजा वर्मा ने की। बैठक में विनय राय, रामबाबू, राहुल चन्देल, विमला सिंह, गौरव मिश्रा, रामनरेश तिवारी व आचार्य कुशमणि आदि उपस्थित रहे।

Published on: