
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ट्विटर पर सक्रियता भारतीय जनता पार्टी को रास नहीं आ रही है। भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि अखिलेश यादव गंभीर राजनीति करने की बजाय दिनभर सोशल मीडिया पर अनाप-शनाप पोस्ट करते रहते हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ चंद्रमोहन ने कहा कि अखिलेश यादव भले ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हों लेकिन उनमें लड़कपन अभी भी पूरी तरह हावी है। पिछली सपा सरकार के मुख्यमंत्री के तौर पर किसी कार्यक्रम में मौजूद रहने के दौरान वे सरकारी कामकाज पर ध्यान देने की बजाय अपने मोबाइल पर व्यस्त रहते थे। सरकारी कामकाज पर ध्यान न देने पर जनता ने विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को बुरी हार देकर सजा दी है।
अखिलेश ने योगी पर ट्विटर से साधा था निशाना
पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश प्रवक्ता डॉ चन्द्रमोहन ने कहा कि सरकार जाने के बाद खाली हो चुके अखिलेश यादव अब अपना पूरा समय मोबाइल से खेलने में ही दे रहे हैं। इन्हीं कुछ कारणों से बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा मायावती ने अखिलेश यादव में अनुभव की कमी की बात कही है। अपना लड़कपन दिखाते हुए यादव ने ट्वीट के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कर्नाटक का चुनाव प्रचार छोड़कर यूपी आने और कर्नाटक में ही मठ बनाने की बचकानी बात कही है।
भाजपा ने अखिलेश के बयान को बताया नादानी
प्रदेश प्रवक्ता डॉ चन्द्रमोहन ने कहा कि यादव नादानी में यह समझ रहे हैं कि जिस तरह से यूपी में उन्होंने अपनी पार्टी की सरकार चलाई थी उसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ जी भी सरकार चला रहे हैं। यूपी में योगी आदित्यनाथ जी अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ एक टीम बनाकर प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। सूबे में दैवी आपदा की विभीषिका आते ही मुख्यमंत्री ने फौरन प्रभावित जिलों में अधिकारियों को राहत पहुंचाने का आदेश दिया।
कर्नाटक से राहत कार्यों की निगरानी का दावा
डॉ चन्द्रमोहन ने कहा कि मुख्यमंत्री भले ही कर्नाटक प्रवास कर रहे हों लेकिन वह पीड़ितों को राहत पहुंचाने की कार्य की लगातार मॉनीटरिंग भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार और पार्टी से जुड़ी जिम्मेदारियों के बीच सामंजस्य बिठाकर दिन-रात जनता के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। दूसरी ओर सपा सरकार में हुए मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान अखिलेश यादव सैफई में नाच-गाना देखने में व्यस्त थे। अखिलेश यादव तो पूरी आरामतलबी के साथ अपने सरकारी आवास में ही समय बिताया करते थे।