
UP Politics: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसके नेताओं पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अपना आपा खो चुके हैं और सत्ता हासिल करने की चाह में उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस के नेता चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार आरोप लगाते हैं। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे चुनाव आयोग सही लगता है, लेकिन चुनाव हारने के बाद वही आयोग गलत नजर आने लगता है। उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस के रुख को लेकर कहा कि पार्टी केवल अपनी हार की वजहों से ध्यान हटाने के लिए "फेस सेविंग" कर रही है।
ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता की भूख के कारण उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर अपनी राजनीति कर रही है।
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री ने भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
बता दें कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी धर्मपाल सिंह ने SIR के विरोध में विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर निशाना साधा। भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी धर्मपाल सिंह ने SIR को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतंत्र का सम्मान नहीं करता और अराजकता की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहा है। विपक्ष गुंडागर्दी कर रहा है। धर्मपाल सिंह ने कहा कि समय आने पर जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले चुनाव में विपक्षी दलों की जमानतें तक जब्त हो जाएंगी।
इसके अलावा राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर धर्मपाल सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उनके जैसे आम कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी बड़ी है और वह पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। साथ ही भाजपा को मजबूत करने के लिए काम करने की बात कही।