
मूलगंध कुटी विहार में स्थापित भगवान बुद्ध की स्वर्णिम प्रतिमा। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )
Buddha Bone Relics: सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी विहार की 95वीं वर्षगांठ इस बार खास होने जा रही है। इस अवसर पर 22 से 24 नवंबर तक भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेष श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखे जाएंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में देश के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में बौद्ध भिक्षुओं, अनुयायियों और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। वियतनाम के बौद्ध संघ और हनोई के श्रद्धालुओं के सहयोग से इसकी तैयारियां की गई हैं। आयोजन के दौरान सारनाथ में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध श्रद्धालुओं का समागम भी देखने को मिलेगा।
मूलगंध कुटी विहार के गर्भगृह में स्वर्णिम बुद्ध प्रतिमा के नीचे भगवान बुद्ध के दो दुर्लभ अस्थि अवशेष सुरक्षित रखे गए हैं। विशेष अवसर पर इन्हें विधिवत बाहर निकालकर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। ये अवशेष चांदी की विशेष मंजूषाओं में सुरक्षित हैं। साल में आमतौर पर दो बार बुद्ध पूर्णिमा और कार्तिक पूर्णिमा पर इनके सार्वजनिक दर्शन कराए जाते हैं। इस बार बिहार की 95 वीं वर्षगांठ के अवसर पर भी श्रद्धालुओं को यह मौका मिलेगा।
आयोजन में श्रीलंका, थाईलैंड, म्यांमार, कंबोडिया, नेपाल, जापान और वियतनाम सहित कई देशों के बौद्ध अनुयायियों के शामिल होने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं के लिए यह केवल दर्शन का अवसर नहीं, बल्कि भगवान बुद्ध की शिक्षाओं और उनसे जुड़ी ऐतिहासिक विरासत को करीब से समझने का मौका भी होगा।
मूलगंध कुटी विहार में रखे दोनों अवशेषों का इतिहास भी काफी पुराना है। पहला अवशेष वर्ष 1929 में वर्तमान आंध्र प्रदेश के नागार्जुनकोंडा में एक विशाल स्तूप की खुदाई के दौरान मिला था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के तत्कालीन अधिकारी एएच लॉन्गहर्स्ट को यह अवशेष प्राप्त हुआ था। स्तूप से मिले शिलालेख में उसे गौतम बुद्ध का महाचैत्य बताया गया था।
दूसरा अवशेष वर्ष 1913-14 में प्राचीन तक्षशिला, जो अब पाकिस्तान में है, के धर्मराजिका स्तूप के पास एक छोटे प्रार्थना कक्ष से मिला था। पुरातत्वविद् सर जॉन मार्शल को खुदाई के दौरान इसके साथ चांदी का एक अभिलेखित पत्र भी मिला था, जिसमें भगवान बुद्ध के अवशेषों का उल्लेख था। दोनों अवशेष बाद में तत्कालीन वायसराय एवं गवर्नर जनरल अर्ल ऑफ विलिंगडन ने वर्ष 1931 और 1932 में महाबोधि सोसायटी को सौंपे थे। इसके बाद इन्हें सारनाथ के मूलगंध कुटी विहार में प्रतिष्ठित किया गया। तब से ये अवशेष यहां श्रद्धा और सुरक्षा के साथ संरक्षित हैं।
सारनाथ बौद्ध धर्म के सबसे महत्वपूर्ण स्थलों में से एक है। मान्यता के अनुसार, ज्ञान प्राप्ति के बाद भगवान बुद्ध ने यहीं अपना पहला उपदेश दिया था। इस घटना को धर्मचक्र प्रवर्तन कहा जाता है। इसी वजह से सारनाथ दुनिया भर के बौद्ध अनुयायियों के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। करीब 2600 वर्ष पुरानी बुद्ध परंपरा से जुड़ी यह धरती आज भी उनके संदेशों को दुनिया तक पहुंचा रही है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सारनाथ को 25 जुलाई 2026 को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया जाना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इस पहचान से सारनाथ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। मंत्री के मुताबिक, यह भारत का 45वां और उत्तर प्रदेश का चौथा विश्व धरोहर स्थल है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश के बौद्ध स्थलों पर करीब 28 लाख पर्यटक आए थे।
वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 82 लाख से अधिक हो गई। वहीं, वर्ष 2026 की पहली छमाही में ही सारनाथ में करीब तीन लाख पर्यटकों ने भ्रमण किया। मंत्री ने दुनिया भर के बौद्ध अनुयायियों से अपील की कि वे अपनी ‘बोधि यात्रा’ की शुरुआत उत्तर प्रदेश से करें। मूलगंध कुटी विहार की 95वीं वर्षगांठ पर होने वाला यह आयोजन सारनाथ की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को एक बार फिर वैश्विक मंच पर सामने लाएगा। तीन दिनों तक होने वाले अवशेष दर्शन से श्रद्धालुओं को भगवान बुद्ध की विरासत से जुड़ने का विशेष अवसर मिलेगा।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
21 Nov 2026, 4:13 PM IST
Published on:
21 Nov 2026, 4:13 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश




