21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Uttar Pradesh / Lucknow / ‘कमल मुरझा गया है’, अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा पर साधा निशाना, कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर कही बड़ी बात

‘कमल मुरझा गया है’, अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा पर साधा निशाना, कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर कही बड़ी बात

Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए यूपी में उसकी विदाई का दावा किया। अखइलेश ने कहा कि, सत्ता में आए तो अग्निवीर योजना बंद करेंगे। इसके साथ ही पुलिस और अधिकारियों पर भी आरोप लगाए।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Mohsina Bano

•

Updated: 21 Nov 2026, 3:47 PM IST

Akhilesh Yadav

सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Photo-IANS)

Akhilesh Yadav Press Conference: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जमकर पलटवार किया है। पार्टी में नए नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल कराते हुए अखिलेश यादव ने BJP के नारे पर चुटकी लेते हुए कहा कि, कमल छोड़कर लोग हमारे साथ आ गए हैं और अब कमल और मुरझा जाएगा। भाजपा के लोग अब नया नारा ढूंढेंगे। उन्होंने कहा ये लोग नारा लगा रहे हैं कि, राधे राधे कमल खिला दे, जिसका सीधा मतलब है कि कमल मुरझा गया है। हमारे यहां जब किसी की विदाई होती है तो राधे राधे कहा जाता है, इसका मतलब साफ है कि अब भाजपा की विदाई होने जा रही है।

नए नेताओं का किया पार्टी में स्वागत

अखिलेश यादव ने सपा में शामिल होने वाले अनिल कसाना और अन्य नेताओं को बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि गाजियाबाद और लोनी विधानसभा से जुड़े सभी वादे सरकार बनने पर पूरे किए जाएंगे। उन्होंने अवधेश चौहान के पार्टी में शामिल होने का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार सीतापुर में भाजपा शून्य होने जा रही है और यहां जो भी अवधेश हैं, सभी जीत रहे हैं।

इस दौरान बड़ी संख्या में बीडीसी सदस्यों और उत्पल राय के समर्थकों ने भी सपा की सदस्यता ली। बीडीसी सदस्यों को लोकतंत्र की सबसे पहली चुनी हुई इकाई बताते हुए अखिलेश ने अंकित सिंह, सूरज सिंह, राम सागर, बबलू चौहान, प्रांशु मिश्रा, अंकित वर्मा, पवन चौहान, कमलेश रावत और राधेश्याम राजपूत का स्वागत किया। उन्होंने नए साथियों को आश्वस्त किया कि सपा में शामिल होने पर भाजपा के लोग जांच करा सकते हैं, लेकिन पार्टी किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी और हर सुख दुख में उनके साथ खड़ी रहेगी।

सत्ता में आने पर बंद होगी अग्निवीर योजना

सपा प्रमुख ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जब भी समाजवादियों को सत्ता में आने का मौका मिलेगा, अग्निवीर जैसी व्यवस्था को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने समाजवादी पार्टी की वेबसाइट भी लॉन्च की। उन्होंने कहा कि आज के समय में तकनीक के माध्यम से जो भी लोग पार्टी से जुड़ना या दूसरों को जोड़ना चाहते हैं, उनका स्वागत है। वेबसाइट के जरिए मिलने वाले सुझावों पर पार्टी काम करेगी। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आज न्याय मिलना, सम्मान पाना और संविधान के तहत जनता का अधिकार बचाना सबसे बड़ा संकट बन गया है। इस सबका कारण भाजपा है और भाजपा के हटने पर ही यह संकट खत्म होगा।

कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बोले अखिलेश

कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर भी अखिलेश यादव ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बातचीत अभी जारी है और सीटों का बंटवारा जीतने की संभावना के आधार पर होना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग समझते हैं कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि जब अलग-अलग पहलुओं और आंकड़ों का आकलन किया जाता है तो, तो यह बात सामने आती है कि प्रदेश में अभी भी कई ऐसी सीटें हैं जिन्हें कांग्रेस जीत सकती है।

CM योगी के 1.27 करोड़ वोटों वाले बयान पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि, सुनने में आया है कि 1.27 करोड़ वोटों वाले बयान के बाद चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री पर दबाव डाला और तब से उन्होंने वह बयान दोबारा नहीं दोहराया है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि आखिर उनके पास ऐसी कौन सी दिव्य दृष्टि या जानकारी है, जिसके आधार पर उन्होंने यह दावा किया कि वोटर लिस्ट से केवल हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि हकीकत यह है कि PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समुदायों के वोटों के साथ खेल किया जा रहा है।

अधिकारियों की शिकायत चुनाव आयोग से करने की तैयारी

गोरखपुर प्रकरण पर पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि वे 2 दिन के शोक के बाद इस विषय पर प्रेस-कॉन्फ्रेंस करेंगे। प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी पुलिस फोर्स और कुछ अधिकारी भाजपा के पदाधिकारी के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बैठकर चुनाव की तैयारी कर रही है, लेकिन वह जानती है कि जनता उसे हटा देगी और चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा हार जाएगी।

अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि सपा के सभी विधायक, MLC और सांसद अपने हस्ताक्षर के साथ चुनाव आयोग को एक पत्र लिखेंगे। इस पत्र में उन अधिकारियों के नाम शामिल होंगे जिन्होंने भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा सरकार आने के बाद से कई अधिकारियों को हटाया नहीं गया है और रिश्तेदार ऐसी कुर्सियों पर बैठे हैं जिनसे न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती। नौगांव सादात उपचुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां 27 बूथों पर फर्जी मतदान कराने वाले अधिकारी को पहले दूसरे जिले और अब 9 विधानसभा सीटों वाले जिले में तैनात किया गया है, ताकि एक जिले के वोट दूसरे जिले में बनवाए जा सकें।