लखनऊ

‘बिना पिए ही नशे में रहते हैं राहुल गांधी’, बृजभूषण शरण सिंह का तंज, बोले- 91 चुनाव हारने का रिकॉर्ड

Brij Bhushan Sharan Singh: पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी के भगवंत मान पर दिए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए 91 चुनाव हारने का दावा किया और कहा कि उन्हें जनता के मुद्दे उठाने चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 11:18 AM IST
brijbhushan
बृजभूषण सिंह फोटो सोर्स ANI

Uttar Pradesh Politics News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अब पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। गोंडा में उन्होंने कांग्रेस नेता पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी हर बार विवादित बयान देते हैं और वह बिना पिए ही नशे में रहते हैं। बृजभूषण ने राहुल के नाम 91 चुनाव हारने का रिकॉर्ड होने का दावा भी किया। उन्होंने कांग्रेस नेता को जनता के मुद्दे उठाने की सलाह दी।

‘राहुल गांधी का नशा उतरता ही नहीं’

गोंडा में गुरुवार को समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी हर बार विवादित बयान देते हैं। वह बिना पिए ही नशे में हैं। उनका नशा उतरता ही नहीं है। उन्हें अपना नशा कम करना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के राजनीतिक नेतृत्व पर भी सवाल उठाए। पूर्व सांसद ने कहा कि राहुल गांधी के नाम 91 चुनाव हारने का रिकॉर्ड है। उनके नेतृत्व में शायद देश की कोई पार्टी इतने चुनाव नहीं हारी होगी। उन्हें जमीन पर उतरकर जनता के मुद्दे उठाने चाहिए।

भगवंत मान पर टिप्पणी को बताया गलत कटाक्ष

बृजभूषण सिंह का यह बयान राहुल गांधी की उस टिप्पणी के जवाब में आया, जिसमें उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर शराब पीने को लेकर निशाना साधा था। राहुल ने कहा था कि लोकसभा में जब भगवंत मान उनके पास बैठकर चुटकुले सुनाते थे, तब सुबह 11 बजे उनके मुंह से शराब की बदबू आती थी। राहुल गांधी की इस बात पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण ने कहा कि यह अच्छा कटाक्ष नहीं है। हम नहीं मानते कि वहां के मुख्यमंत्री के मुंह से बदबू आती होगी। पीते होंगे, लेकिन दिन में तो नहीं पीते होंगे।

अमित शाह के नशामुक्त पंजाब अभियान का किया जिक्र

पूर्व भाजपा सांसद ने पंजाब में नशे की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य को नशामुक्त करने का सबसे पहले आह्वान देश के गृह मंत्री अमित शाह ने किया है। उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणी को इसी मुद्दे से जोड़ते हुए अपनी बात रखी।

संगरूर की रैली में राहुल गांधी ने क्या कहा था?

राहुल गांधी ने गुरुवार को पंजाब के संगरूर में आयोजित इंसाफ रैली में मुख्यमंत्री भगवंत मान पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि मैं लोकसभा में था। उस समय आपके मुख्यमंत्री हमारे पास बैठकर चुटकुले सुनाते थे। सुबह 11 बजे उनके मुंह से शराब की बदबू आती थी। राहुल ने आगे कहा था कि मैं यह नहीं कहता कि उन्हें शराब नहीं पीनी चाहिए। शराब पीना उनका निजी मामला है, लेकिन भाइयों और बहनों, अगर आपको नशे के खिलाफ लड़ना है तो आपका मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता।

Updated on:
6 Nov 2026, 11:18 AM IST
Published on: